छत्तीसगढ़

जनजातीय युवाओं को बड़ी सौगात, नवा रायपुर में नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन

SHIDDHANT
1 Nov 2026 9:27 PM IST
जनजातीय युवाओं को बड़ी सौगात, नवा रायपुर में नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन
x
छग
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। अस्पताल ने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा कर सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना की अनूठी मिसाल पेश की है। यह उपलब्धि केवल चिकित्सा क्षेत्र की सफलता नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद, विश्वास और खुशियां लौटाने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय रविवार को सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल की पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी खुशी होती है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों का निःशुल्क उपचार कर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करना मानवता की सच्ची सेवा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने यह साबित किया है कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारियों का इलाज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास, करुणा और संवेदनशीलता को मजबूत करने का माध्यम भी है। अस्पताल द्वारा किए जा रहे सेवाभावी कार्य अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणादायी हैं।
जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज को मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से प्रदेश के जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा प्राप्त करने और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा से युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता भी बढ़ रही है। ऐसे में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी अस्पताल के सेवाभावी कार्यों की सराहना की। उन्होंने बच्चों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर गरीब, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इस दिशा में श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी संस्थाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल भविष्य में भी सेवा, संवेदना और समर्पण की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाता रहेगा।
Next Story