छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में नया अध्याय, आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंचेगी ट्रेन

SHIDDHANT
19 Oct 2026 11:47 PM IST
छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में नया अध्याय, आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंचेगी ट्रेन
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेलवे इतिहास में 20 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार बस्तर के रावघाट तक रेल सेवा पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन और अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत भी होगी। इसके साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस सुविधा की आधारशिला रखी जाएगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेलवे नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
1628 करोड़ की लागत से तैयार हुई 95 किलोमीटर रेल लाइन
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 95 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का निर्माण करीब 1,628 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत ताड़ोकी से रावघाट तक 17.5 किलोमीटर रेलखंड का निर्माण पूरा होने से पूरी परियोजना को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस रेल संपर्क से बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और परिवहन के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
बस्तर में रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
रावघाट तक रेल संपर्क शुरू होने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से रावघाट क्षेत्र से लौह अयस्क के परिवहन में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस रेल लाइन से भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। राज्य सरकार की प्राथमिकता आधुनिक परिवहन सुविधाओं को दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन का भी होगा लोकार्पण
अभनपुर–धमतरी आमान परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का ब्रॉडगेज में परिवर्तन पूरा हो चुका है। इसका लोकार्पण होने से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी रायपुर तक पहुंचने में बेहतर सुविधा मिलेगी। परियोजना के शेष कुरूद–धमतरी रेलखंड पर कार्य जारी है। इस रेल लाइन के शुरू होने से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
दो नई यात्री ट्रेन सेवाओं की होगी शुरुआत
20 अक्टूबर को रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इन सेवाओं से यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा और सड़क परिवहन पर निर्भरता कम हो सकेगी। नई यात्री सेवाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए रेल यात्रा एक महत्वपूर्ण विकल्प बनेगी।
रायपुर में बनेगी आधुनिक इलेक्ट्रिक इंजन रखरखाव सुविधा
रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस सुविधा की आधारशिला भी रखी जाएगी। इस आधुनिक केंद्र में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित की जाएगी। इस सुविधा से रेलवे के संचालन को बेहतर बनाने और माल परिवहन की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रावघाट तक ट्रेन की सीटी गूंजना बस्तर में विकास, विश्वास और नए अवसरों के युग की शुरुआत का प्रतीक बनेगा।
Next Story