
x
थाने में मना पहला जन्मदिन
रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता द्वारा एक वर्षीय बच्चे को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिलाया। खास बात यह रही कि मंगलवार को बच्चे का पहला जन्मदिन भी था। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया। इस घटना के बाद रायपुर पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया प्रिया पाण्डेय (26 वर्ष) का विवाह वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुआ था। दोनों का एक वर्षीय पुत्र है। पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी पिछले लगभग सात से आठ महीने से अलग रह रहे थे। मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे लाकेश सिंह बंजारे दलदल सिवनी स्थित प्रिया के घर पहुंचा। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। प्रिया की शिकायत के अनुसार, पति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे लाकेश ने बच्चे को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा। इसके बाद प्रिया मामले की शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची। इसी बीच शाम करीब छह बजे लाकेश बच्चे और प्रिया का मोबाइल फोन लेकर चला गया। महिला ने पति से बच्चे को वापस करने की मांग की, लेकिन वह बच्चे को लौटाने के लिए तैयार नहीं हुआ। पूछताछ करने पर बच्चे के संबंध में स्पष्ट जानकारी भी नहीं दे रहा था।
एक वर्षीय बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन, एडीसीपी नॉर्थ आदित्य पाण्डेय और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में विशेष प्रयास किए गए। थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय और उनकी टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए महज ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे उसकी मां के सुपुर्द किया गया। बेटे को सुरक्षित पाकर मां ने राहत की सांस ली।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया, जब पुलिसकर्मियों को पता चला कि उसी दिन बच्चे का पहला जन्मदिन है। इसके बाद पंडरी थाने में केक मंगवाया गया और पुलिसकर्मियों ने बच्चे का जन्मदिन मनाया। बच्चे के साथ खुशियां साझा करते हुए पुलिस ने संकट की घड़ी में परिवार को राहत और सुकून देने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर लाकेश सिंह बंजारे (28 वर्ष), निवासी बगदेही पारा, तर्री रोड, थाना गोबरा नयापारा के खिलाफ पंडरी थाने में अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 115(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। पुलिस अपराधों की रोकथाम के साथ संकट की स्थिति में नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Next Story





