छत्तीसगढ़
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 14 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Sept 2026 1:09 PM IST

x
छग
Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur. मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र से पकड़ा गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी देवेंद्र नगर बड़पारा, गुन्नौर जिला पन्ना मध्यप्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ वर्ष 2012 में जनकपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। उस समय एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 363 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
2014 में मिली थी नाबालिग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 27 नवंबर 2014 को नाबालिग को बरामद कर लिया था। पुलिस पूछताछ और बयान के दौरान पीड़िता ने आरोपी वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू पर गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ गुन्नौर ले गया था। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 366(क), 376 भादवि और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन आरोपी हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
विशेष टीम ने शुरू की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अधिकारियों ने लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा और एसडीओपी अरविंद खलखो के मार्गदर्शन में जनकपुर थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दबिश दी।
गुन्नौर से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम ने पन्ना जिले के गुन्नौर पहुंचकर आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने वीर सिंह सिसोदिया उर्फ वीरू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर वापस पहुंची और उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद आरोपी को मनेन्द्रगढ़ उप जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लंबे समय से लंबित मामलों में आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद ले रही है।
Next Story





