छत्तीसगढ़
व्यापार विहार से एक्टिवा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
23 Aug 2026 11:46 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार स्थित बड़ी पार्किंग से एक्टिवा चोरी करने के मामले में तारबाहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने का दावा किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में प्रार्थी श्रीचंद भाभानी ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह व्यापार विहार में कृष्णा ट्रेडिंग के नाम से किराना दुकान संचालित करते हैं। 20 अगस्त 2026 को वह रोज की तरह अपनी एक्टिवा से दुकान पहुंचे थे।
सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने एक्टिवा को व्यापार विहार स्थित बड़ी पार्किंग में खड़ा किया और दुकान चले गए। दोपहर करीब एक बजे जब वह पार्किंग में पहुंचे तो एक्टिवा वहां नहीं थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन वाहन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने तारबाहर थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई कर चोरी की एक्टिवा बरामद करने और आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने वाहन और आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति त्रिवेणी भवन के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदेही को पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान सुनील कुमार श्रीवास पिता दुर्गा प्रसाद श्रीवास उम्र 35 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 4 विजय नगर सरपंच बाड़ा के पास भनपुरी बीरगांव, थाना खमतराई, जिला रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने 20 अगस्त को व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग के पास से काले रंग की एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार चोरी की एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पार्किंग स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई में महिला प्रधान आरक्षक सरोज खलखो, आरक्षक महेंद्र सोनकर, नुरूल कादिर, रूपलाल चंद्रा और भागीरथी गेदले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





