छत्तीसगढ़

रायपुर में ATM और बैंक का लॉकर तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का लैपटॉप बरामद

SHIDDHANT
9 Oct 2026 10:06 PM IST
रायपुर में ATM और बैंक का लॉकर तोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का लैपटॉप बरामद
x
छग
Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी के उद्देश्य से एटीएम मशीन और बैंक के लॉकर में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय पंकज ध्रुव को पकड़ा है। आरोपी ने टाटीबंध चौक स्थित इंडिया वन एटीएम मशीन और चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से यूनियन बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात की है। इंडिया वन पेमेंट लिमिटेड में फ्रेंचाइजी के रूप में कार्यरत नमन वोरा ने थाना आमानाका में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि टाटीबंध चौक स्थित अग्रवाल होटल के पास संचालित एटीएम मशीन में अज्ञात व्यक्ति ने चोरी के उद्देश्य से तोड़फोड़ की थी। आरोपी ने एटीएम मशीन की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा, कैश निकासी क्षेत्र और अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके अलावा मशीन में लगी यूपीएस बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 317/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दूसरी घटना चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हुई। शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर को शाम 7 बजे बैंक बंद किया गया था। अगले दिन 6 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे कर्मचारी बैंक खोलने पहुंचे, तो वहां ताले टूटे और शटर क्षतिग्रस्त मिले। सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक बैंक पहुंचे। जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय ताला और खिड़की का कांच तोड़कर बैंक में प्रवेश किया था। आरोपी ने चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज और कंप्यूटर मॉनिटर को नुकसान पहुंचाया था। बैंक के कैश वॉल्ट और स्ट्रांग रूम के लॉकर में भी तोड़फोड़ की गई थी।
इस मामले में थाना आमानाका पुलिस ने अपराध क्रमांक 336/26 दर्ज किया। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिनसन गुरिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शिकायतकर्ताओं और कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डीडी नगर क्षेत्र में रहने वाले पंकज ध्रुव को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने नकदी चोरी करने के उद्देश्य से दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी पंकज ध्रुव, पिता सीताराम ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, मूल रूप से पिथौरा थाना क्षेत्र के ठाकुरदिया खपरा खोल का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के सरोना बाजार चौक स्थित कचरा डंप के पास रहता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से यूनियन बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप जब्त किया है। दोनों मामलों में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए), 324(2) और 62 के तहत कार्रवाई की गई है।
Next Story