छत्तीसगढ़
बंद मकान का ताला तोड़कर सोने के जेवर चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
5 Nov 2026 10:33 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमरबहार में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल पार कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम डूमरबहार निवासी ललित यादव (20 वर्ष) ने 4 नवंबर 2026 को थाना बागबहार में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद पास ही स्थित अपनी दुकान में सोने चले गए थे। रात लगभग 10:30 बजे जब ललित होटल से काम निपटाकर घर वापस लौटा, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और किवाड़ खुला पड़ा था। घर के भीतर जाने पर अलमारी खुली मिली और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। ललित ने तत्काल अपने माता-पिता को बुलाया। जब परिजनों ने अलमारी की जांच की, तो उसमें रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल गायब थे। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसने गांव के ही शंकर भगत को घर के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा था, जिससे उस पर चोरी का संदेह था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संदेही से पूछताछ
प्रार्थी की रिपोर्ट पर बागबहार पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए गांव में दबिश देकर संदेही शंकर भगत को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई कड़ाई और वैज्ञानिक पूछताछ के समक्ष आरोपी ज्यादा देर टिक न सका और उसने ताला तोड़कर घर में घुसने तथा सोने के कर्णफूल चोरी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
70 हजार के जेवर बरामद, आरोपी गया जेल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए 1 जोड़ी सोने के कर्णफूल बरामद कर जब्त कर लिए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 70,000 रुपये आंकी गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार, थाना बागबहार, जिला जशपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भिजवा दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और महज कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोचकर चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता पाई है।
Next Story





