छत्तीसगढ़
खुशखबरी! धान के बाद अब खाद का भी डिजिटल टोकन! मोबाइल से होगी बुकिंग; Step-by-Step करें बुकिंग
Shubhra Nandy
26 Nov 2026 9:55 AM IST

x
रकबे और फसल के हिसाब से मिलेगा उर्वरक
खैरागढ़ : छत्तीसगढ़ में किसानों को रासायनिक खाद की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। धान खरीदी में टोकन व्यवस्था के बाद अब किसान मोबाइल के माध्यम से खाद की बुकिंग भी कर सकेंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से लागू नई उर्वरक वितरण प्रणाली के तहत किसानों को ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework For Fertilizer Sale) मोबाइल ऐप पर पंजीयन करना होगा। खाद की बुकिंग के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर किसान संबंधित बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। जिले में अब तक 2,259 किसानों को इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा चुकी है।
खैरागढ़ के 2,259 किसानों को मिला लाभ
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और कृषि विभाग के उपसंचालक चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में नई खाद वितरण प्रणाली को प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कृषि विभाग शासकीय और निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल बुकिंग प्रक्रिया के संबंध में जागरूक कर रहा है।
नई व्यवस्था की खास बात यह है कि किसानों को उनके कृषि रकबे और फसल की आवश्यकता के आधार पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा विभिन्न फसलों के लिए निर्धारित उर्वरक संबंधी अनुशंसाओं को आधार बनाया जाएगा। इससे किसानों को जरूरत से अधिक खाद खरीदने और असंतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल से बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही खेती पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने की संभावना है।
कृषि विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 2,259 किसानों को फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी फसल की आवश्यकता के अनुरूप खाद वितरित की जा चुकी है। डिजिटल प्रणाली के बेहतर संचालन के लिए किसानों के साथ उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों के प्रबंधकों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए मास्टर ट्रेनर्स की सहायता ली जा रही है।
मोबाइल ऐप से मिलेगी खाद
इसी क्रम में कृषि विभाग के उपसंचालक चित्रांगद कुमार ठाकुर और खैरागढ़ के अनुविभागीय कृषि अधिकारी ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित बाजार अतरिया में किसानों को नई व्यवस्था की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल ऐप के संचालन, खाद की बुकिंग, डिजिटल टोकन जारी करने और बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर पर समिति प्रबंधक सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।
किसानों को तकनीकी परेशानी से बचाने के लिए कृषि विभाग ने जिला स्तर पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की है। मोबाइल ऐप पर पंजीयन, टोकन जारी होने या खाद वितरण से संबंधित समस्या आने पर किसान विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
नई व्यवस्था के तहत किसानों को गूगल प्ले स्टोर से ‘Framework For Fertilizer Sale’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। पंजीयन पूरा होने के बाद किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग प्रक्रिया पूरी होते ही मोबाइल पर डिजिटल टोकन जारी होगा। इसी टोकन के आधार पर संबंधित उर्वरक बिक्री केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी।
मोबाइल से खाद की बुकिंग कैसे करें?
1. गूगल प्ले स्टोर से Framework For Fertilizer Sale मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
2. ऐप में अपना पंजीयन पूरा करें।
3. फसल की जरूरत के अनुसार उर्वरक की बुकिंग करें।
4. बुकिंग पूरी होने पर मोबाइल में डिजिटल टोकन प्राप्त करें।
5. संबंधित बिक्री केंद्र पर टोकन दिखाकर खाद प्राप्त करें।
Next Story





