छत्तीसगढ़

पीएम आवास के नाम पर 5.09 लाख की हेराफेरी का आरोप, दो ठेकेदारों पर FIR

Shantanu Roy
16 Oct 2026 5:38 PM IST
पीएम आवास के नाम पर 5.09 लाख की हेराफेरी का आरोप, दो ठेकेदारों पर FIR
x
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिया बड़ा बयान
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के आवास निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत बैगा जनजाति के 9 हितग्राहियों से मकान निर्माण के नाम पर कुल 5 लाख 9 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य नहीं करने की शिकायत पर दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि गरीबों के हक की राशि में हेराफेरी और आवास निर्माण में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीएम आवास निर्माण में गड़बड़ी पर डिप्टी CM सख्त
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास मिले। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर केवल हितग्राहियों का अधिकार है। इस राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पांच हितग्राहियों से 3.20 लाख लेने का आरोप
कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, ठेकेदार कुमार मेरावी ने पांच हितग्राहियों से राशि ली थी, लेकिन करीब डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी आवास निर्माण नहीं कराया गया। आरोप है कि हितग्राहियों को उनकी राशि भी वापस नहीं की गई। इस मामले में 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

हितग्राहियों से ली गई राशि का विवरण इस प्रकार है।
हितग्राही राशि
देवसिंह ₹60,000
मंधोर बाई ₹60,000
पुसीया बाई ₹60,000
कौशिल्या बाई ₹80,000
ननकी बाई ₹60,000
कुल ₹3,20,000
आमानारा में चार बैगा हितग्राहियों से 1.89 लाख लेने की शिकायत
इसी तरह बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा में चार हितग्राहियों से प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य कराने के नाम पर रकम लेने की शिकायत सामने आई है। इस मामले में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 420 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, चार हितग्राहियों से कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लिए गए थे।

हितग्राही राशि
बैसाखू बैगा ₹64,000
सुकोर बाई ₹60,000
सोनिया बाई ₹45,000
रनो बाई ₹20,000
कुल ₹1,89,000

दो थानों में एफआईआर, कुल नौ हितग्राही प्रभावित
दोनों मामलों में कुल नौ हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। राजाढ़ार के मामले में चिल्फी थाने और आमानारा के मामले में तरेगांव जंगल थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि आवास निर्माण कराने के नाम पर हितग्राहियों से राशि प्राप्त की गई, लेकिन निर्धारित निर्माण कार्य नहीं किया गया। मामले में पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गरीबों के हक की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आवास निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर उनकी आवास राशि का दुरुपयोग करता है, तो यह अत्यंत गंभीर मामला है। विजय शर्मा ने कहा कि हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना और स्वीकृत राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story