छत्तीसगढ़

रूहानी ताकत का दावा, इलाज के नाम पर लाखों की कथित ठगी, ‘बाबे शिफा’ के खिलाफ पुलिस तक पहुंची शिकायत

Shubhra Nandy
25 Nov 2026 6:42 AM IST
रूहानी ताकत का दावा, इलाज के नाम पर लाखों की कथित ठगी, ‘बाबे शिफा’ के खिलाफ पुलिस तक पहुंची शिकायत
x
बैकुंठपुर " रूहानी शक्तियों से बीमारी दूर करने और जादू-टोने से छुटकारा दिलाने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। रसूलपुर में ‘बाबे शिफा’ नाम से संचालित ठिकाने को लेकर कई लोगों ने कथित ठगी की शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं में बैकुंठपुर का एक व्यक्ति भी शामिल है। मामले में पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खुद को रूहानी ताकतों का जानकार बताकर लोगों को उनकी बीमारियां और परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया जाता था। इसी के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली गई। अब संबंधित लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने और कथित ठगी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। मामला सामने आने के बाद रसूलपुर स्थित ‘बाबे शिफा’ के ठिकाने पर सैकड़ों लोग पहुंचे। वहीं, शिकायतकर्ताओं ने कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
बीमारियों से राहत और जादू-टोने से मुक्ति दिलाने के नाम पर कथित रूप से कितने लोगों से रकम ली गई है, इसका वास्तविक आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। शिकायतकर्ताओं ने लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता और कथित लेनदेन की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। अभी एफआईआर दर्ज होने या किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
Next Story