छत्तीसगढ़
आधी रात पेट्रोल पंप में आग लगाने की कोशिश, दो बाइक जलीं, CCTV में कैद संदिग्ध
Shantanu Roy
7 Oct 2026 5:34 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र में आधी रात एक पेट्रोल पंप को आग के हवाले करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना मेघा स्थित माता रानी फ्यूल्स की बताई जा रही है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार घटना से पहले एक संदिग्ध व्यक्ति पेट्रोल पंप पहुंचा था। आरोप है कि उसने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद वह वहां से चला गया। करीब दो घंटे बाद वही व्यक्ति दोबारा पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और वहां खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1:30 बजे हुई। दोनों मोटरसाइकिलों में आग लगाने के बाद संदिग्ध ने पेट्रोल पंप के नोजल को भी माचिस से आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, आग पेट्रोल या डीजल तक नहीं पहुंच सकी। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल पंप परिसर के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने बाइक में लगी आग देखी और तत्काल वहां मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में दोनों मोटरसाइकिलें जल गईं।
यदि आग पेट्रोल पंप के ईंधन भंडारण या नोजल तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। समय रहते आग बुझा दिए जाने से पेट्रोल पंप परिसर में बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरों का फुटेज भी कब्जे में लिया है। फुटेज में नजर आ रहे संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे क्या वजह थी और संदिग्ध ने पेट्रोल पंप को आग लगाने की कोशिश क्यों की। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पहचान होते ही उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





