छत्तीसगढ़
रायपुर में SBI बैंक में बड़ी सेंधमारी की कोशिश, स्ट्रांग रूम तक पहुंचे चोर
Shantanu Roy
1 Sept 2026 11:18 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में अज्ञात चोरों ने बड़ी सेंधमारी की कोशिश की। चोर बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और एक के बाद एक कई ताले तोड़ते हुए स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद चोर बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम चोरी नहीं कर पाए। वारदात के बाद सरस्वती नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने पहले बैंक की खिड़की की ग्रिल काटी और इसी रास्ते से अंदर प्रवेश किया। बैंक में घुसने के बाद चोर मैनेजर के केबिन में पहुंचे। यहां रखे कंप्यूटर से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD निकालकर चोरी कर ली गई। इसके बाद आरोपियों ने बैंक के स्ट्रांग रूम की तरफ रुख किया।
चार ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे
चोरों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगे ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने लॉकर रूम तक पहुंचने का प्रयास किया। जांच के दौरान लॉकर रूम में लगे चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ पाया गया। चोर आगे की सुरक्षा व्यवस्था को नहीं तोड़ पाए, जिससे बैंक में रखी नकदी और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई। घटना से यह सामने आया कि आरोपियों ने बैंक के भीतर काफी समय तक चोरी का प्रयास किया। स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के बावजूद वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाए। बैंक में कैश और लॉकर सुरक्षित मिलने से बड़ी चोरी टल गई।
CCTV कैमरे तोड़े और तार भी काटे
वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने की भी कोशिश की। बैंक परिसर में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कैमरों के तार भी काट दिए गए, जिससे बैंक का CCTV सिस्टम प्रभावित हुआ। चोरों द्वारा बैंक के कंप्यूटर उपकरणों की हार्ड डिस्क और अन्य पार्ट्स ले जाने तथा CCTV सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के पीछे सबूत मिटाने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस अब इस पहलू को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
सरस्वती नगर पुलिस ने दर्ज किया मामला
बैंक में सेंधमारी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बैंक के अंदर हुए नुकसान और चोरों के प्रवेश तथा बाहर निकलने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए बैंक के आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है। संदिग्ध गतिविधियों और वारदात के समय इलाके में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी एकत्र की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है।
Next Story





