छत्तीसगढ़

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 मोटरसाइकिल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
4 Oct 2026 9:47 PM IST
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 मोटरसाइकिल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजिला बाइक चोरी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिल, 2 फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पुलिस की जांच में राजनांदगांव के अलावा दुर्ग और बालोद से भी बाइक चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले की शुरुआत 6 सितंबर को हुई बाइक चोरी की घटना से हुई थी। पुलिस के अनुसार, शिकारीमहका निवासी जयकुमार सिन्हा की HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 W 7699 साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पास खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी बाइक चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी जानकारी और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को देवाशीष गजेंद्र (30) के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने देवाशीष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले के अलग-अलग स्थानों से कुल सात मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिलों की तलाश शुरू की। इसी दौरान बाइक चोरी के बाद उन्हें खपाने वाले दूसरे आरोपी की भूमिका भी सामने आई।
बिलासपुर में बेचता था चोरी की बाइक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि देवाशीष चोरी की मोटरसाइकिलों को बिलासपुर निवासी शेख अमीन (33) को बेचता था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम बिलासपुर पहुंची और संभावित ठिकाने पर दबिश देकर शेख अमीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शेख अमीन के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। इसके बाद देवाशीष की निशानदेही और कब्जे से चार अन्य बाइक जब्त की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल सात मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
2 फर्जी RC और नंबर प्लेट भी मिली
पुलिस की कार्रवाई के दौरान देवाशीष के कब्जे से दो फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट कहां और किस उद्देश्य से तैयार किए गए थे तथा इस काम में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है। बरामद वाहनों में HF Deluxe, Passion Pro, CB Shine और Honda की अन्य मोटरसाइकिल शामिल हैं। इनमें राजनांदगांव, बालोद और दुर्ग से चोरी किए गए वाहन बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक एक Honda Shine बाइक OLX के माध्यम से खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बालोद जिले के परसतरई निवासी देवाशीष गजेंद्र (30) और बिलासपुर के तिफरा देवनगर निवासी शेख अमीन (33) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें कहीं और बेची गई हैं या नहीं। फर्जी आरसी और नंबर प्लेट मिलने के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ा रही है। साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से तीन जिलों में हुई बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है और नए तथ्य सामने आने पर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story