छत्तीसगढ़

अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ पर बिलासपुर पुलिस सख्त, 23 संदिग्धो को भेजा डिटेंशन सेंटर

SHIDDHANT
5 Sept 2026 11:44 PM IST
अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ पर बिलासपुर पुलिस सख्त, 23 संदिग्धो को भेजा डिटेंशन सेंटर
x
छग
Bilaspur बिलासपुर। राज्य शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने जिले में बड़े स्तर पर जांच और सत्यापन की कार्रवाई की है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया है। इस टीम में सात निरीक्षकों को शामिल किया गया है।
पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और दस्तावेजों की जांच शुरू की। अभियान के दौरान कई ऐसे लोग मिले, जिनके मूल निवास और पहचान से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी पाया गया। जांच को आगे बढ़ाने के लिए STF की टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर क्षेत्र भी पहुंची। वहां पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज जुटाए गए।




पुलिस के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों से मिले इनपुट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाले 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह हो अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी अवैध रूप से निवासरत संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। थाना तोरवा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बांग्लादेश निर्वासन की प्रक्रिया के तहत भेजा गया था। इसके अलावा एक अन्य मामले में बांग्लादेश की नाबालिग बालिका के अपहरण के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद उसे भी डिपोर्टेशन प्रक्रिया तक होल्डिंग सेंटर भेजा गया। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवास करने वाले लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Next Story