छत्तीसगढ़

आयुर्वेदिक कॉलेज रायपुर में देहदान

Nil dhankar
19 July 2026 8:39 AM IST
आयुर्वेदिक कॉलेज रायपुर में देहदान
x

दुर्ग। भिलाई के देहदानी शंकर लाल साहू का पार्थिव शरीर चिकित्सा अध्ययन हेतु दान किया गया। उनकी पार्थिव काया परिजनों की सहमति से शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, रायपुर को अध्ययन एवं अध्यापन हेतु समर्पित की गई। स्व. शंकर लाल साहू ने अपने जीवनकाल में ही अपनी धर्मपत्नी अनुसूया साहू के साथ मिलकर ‘प्रनाम’ संस्था के अध्यक्ष पवन केसवानी के माध्यम से देहदान की विधिवत वसीयत जारी की थी।

74 वर्ष की आयु में देहदानी शंकर लाल साहू के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही परिजनों ने ‘प्रनाम’ संस्था के अध्यक्ष पवन केसवानी को अवगत कराया। इसके बाद, ‘प्रनाम’ संस्था के सहयोग से पूरे सम्मान के साथ देहदान की प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। इस पुनीत कार्य में परिवार के सदस्यों— कमल साहू, अर्जुन साहू, सुमन साहू, अमोल साहू, रामकुमार साहू, संजय साहू, कन्हैया साहू, लक्ष्मण साहू, रितेश साहू, उमेश साहू सहित अन्य परिजनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ‘प्रनाम’ संस्था के स्वयंसेवक पवन केसवानी, राजेश चौधरी, चंदन कुमार, गौरव केसवानी, सागर अरोरा एवं पी. गणेश ने भी इस प्रक्रिया में अपना विशेष योगदान दिया।

उल्लेखनीय है कि ‘प्रनाम’ संस्था पिछले 18 वर्षों से छत्तीसगढ़ में देहदान और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। अब तक संस्था द्वारा 2,178 लोगों की देहदान की वसीयतें विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में दर्ज करवाई जा चुकी हैं। इनमें से 271 लोगों के निधन के बाद उनकी पार्थिव देह छत्तीसगढ़ के अनेक मेडिकल कॉलेज में अध्ययन एवं अध्यापन हेतु समर्पित की जा चुकी है! देहदान एवं अंगदान के इच्छुक व्यक्ति ‘प्रनाम’ संस्था के हेल्पलाइन नंबर 9479273500 पर संपर्क कर सकते हैं।

Next Story