छत्तीसगढ़

केन्द्राध्यक्ष करें परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण, ठंडा पेयजल,ओआरएस, कूलर इत्यादि सुविधाएं सुनिश्चित करें: कलेक्टर

Shantanu Roy
2 Jun 2026 10:20 PM IST
केन्द्राध्यक्ष करें परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण, ठंडा पेयजल,ओआरएस, कूलर इत्यादि सुविधाएं सुनिश्चित करें: कलेक्टर
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा 6, 7, 8 एवं 9 जून 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली सुबह 9 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि सभी केंद्राध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा केंद्रों में किसी प्रकार की समस्या न हो और परीक्षार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पेयजल आदि की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने विशेष रूप से ठंडा पेयजल, ओआरएस घोल और कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो, इसके लिए सभी केंद्राध्यक्ष अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और आवश्यक व्यवस्थाओं की पुष्टि करें।
बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शांति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण, निगरानी व्यवस्था और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन गंभीरता से करें। बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती हो और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिससे वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
Next Story