छत्तीसगढ़

बिलासपुर के गौठान में 100 से ज्यादा गोवंशों की मौत का दावा

SHIDDHANT
18 Nov 2026 10:16 PM IST
बिलासपुर के गौठान में 100 से ज्यादा गोवंशों की मौत का दावा
x
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: बिलासपुर जिले में गोवंशों के संरक्षण के लिए बनाए गए गौठान में बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। सीपत तहसील के गुड़ी गांव स्थित लिमहाईपारा गौठान में चारा-पानी और उचित देखरेख के अभाव में गोवंशों की मौत होने के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि गौठान में अब तक 100 से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है। वहीं, सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू ने करीब 50 मवेशियों की मौत की बात स्वीकार की है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौठान में चारा-पानी के अभाव में मवेशियों की मौत का आरोप, खुले में पड़े शवों से फैल रही दुर्गंध
ग्रामीणों के मुताबिक, लिमहाईपारा गौठान में सैकड़ों मवेशियों को रखा गया है, लेकिन उनके लिए पर्याप्त चारा-पानी और उपचार की व्यवस्था नहीं है। आरोप है कि भूख-प्यास और देखरेख के अभाव में मवेशी लगातार दम तोड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मृत मवेशियों के शव गौठान से करीब 500 मीटर दूर खुले स्थानों पर फेंके जा रहे हैं। इससे आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने गौठान की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
1200 राशन कार्डधारियों से 100-100 रुपए वसूलने का आरोप, फिर भी नहीं मिली सुविधाएं
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मवेशियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था करने के नाम पर गांव के करीब 1200 राशन कार्डधारियों से प्रति कार्ड 100 रुपए लिए गए थे।
इसके बावजूद गौठान में पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब गोवंश संरक्षण के नाम पर राशि एकत्र की गई, तो उसका उपयोग किस तरह किया गया और व्यवस्थाओं में सुधार क्यों नहीं हुआ?
सरपंच ने 50 मवेशियों की मौत स्वीकार की, ग्रामीणों के 100 से अधिक मौतों के दावे को नकारा
मामले में सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू ने करीब 50 मवेशियों की मौत होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उन्होंने ग्रामीणों के 100 से अधिक मवेशियों की मौत के दावे को सही नहीं बताया।
ऐसे में मृत मवेशियों की वास्तविक संख्या और उनकी मौत के कारणों को लेकर जांच की आवश्यकता सामने आई है।
गौ सेवा आयोग समिति ने दिया जांच का भरोसा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
वहीं, जिला गौ सेवा आयोग समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Next Story