छत्तीसगढ़
CM विष्णुदेव साय का आज सरगुजा दौरा, पांच बड़े कार्यक्रमों में होंगे शामिल
Shubhra Nandy
29 Nov 2026 6:23 AM IST

x
मन की बात
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रविवार, 29 नवंबर को सरगुजा और रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का आज का दिन खेल, सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सीएम साय अंबिकापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह और संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में शिरकत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित अपने गृहग्राम बगिया से सुबह अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। अंबिकापुर के सरगवां वाटर पार्क ओपन थिएटर में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026’ के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:10 बजे से 1:30 बजे तक निर्धारित है।
मुख्यमंत्री साय दोपहर 2 बजे अंबिकापुर के एमजी रोड स्थित राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित ‘संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे तक चलेगा। करमा तिहार आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।
सरगुजा में निर्धारित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे। राजधानी में भी मुख्यमंत्री दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 6 बजे रायपुर के कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित ‘CODECON-2026’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 7:20 बजे मोवा स्थित एसबीआईएमएस में आयोजित ‘तरंग 2.0 – स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट 2026’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम रात 8:20 बजे तक निर्धारित है। मुख्यमंत्री के रविवार के दौरे में सरगुजा और रायपुर के कुल पांच प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं। खेल गतिविधियों से लेकर सामाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक आयोजन और मेडिकल फेस्ट तक मुख्यमंत्री की सहभागिता रहेगी।
Next Story





