छत्तीसगढ़

पीएम आवास निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 90 प्रतिशत मकान बनकर तैयार

Shantanu Roy
31 Oct 2026 3:19 PM IST
पीएम आवास निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 90 प्रतिशत मकान बनकर तैयार
x
छग
Durg. दुर्ग। ग्रामीण परिवारों के पक्के मकान का सपना अब तेजी से हकीकत में बदल रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत कुल 15,279 आवासों में से 13,693 मकान पूरे हो चुके हैं। इस तरह जिले में करीब 90 प्रतिशत आवास निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसी क्रम में जून माह से 30 अक्टूबर तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त के रूप में 10 करोड़ 80 लाख से अधिक की राशि सीधे
हितग्राहियों
के बैंक खातों में अंतरित की गई है। इससे ग्रामीण परिवारों को मकान निर्माण के विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता मिल रही है और पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है।

समय पर किस्त से निर्माण कार्यों को मिल रही गति
योजना के तहत आवास निर्माण के प्रत्येक चरण की जियो-टैगिंग एवं सत्यापन के बाद नियमानुसार अगली किस्त जारी की जा रही है। प्रथम किस्त से नींव एवं दीवारों का निर्माण, द्वितीय किस्त से छत ढलाई सहित आगे के निर्माण कार्यों तथा तृतीय किस्त से आवास को पूर्णता की ओर ले जाने में सहायता मिल रही है। जिला पंचायत
मुख्य कार्यपालन
अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित निगरानी की जा रही है। जियो-टैगिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने पर हितग्राहियों को नियमानुसार किस्तों का भुगतान किया जा रहा है। मैदानी अमले को हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story