छत्तीसगढ़

बच्चे को मोबाइल बैटरी खेलने के लिए न दें, यहां हुई घटना में एक की मौत

Nil dhankar
2 Jun 2026 4:33 PM IST
बच्चे को मोबाइल बैटरी खेलने के लिए न दें, यहां हुई घटना में एक की मौत
x
छग

अंबिकापुर। प्रेमनगर क्षेत्र में एक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सड़क पर फेंकी गई एक खराब मोबाइल फोन बैटरी से खेलना एक मासूम बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ। बैटरी फटने से गंभीर रूप से झुलसे एक साल के बच्चे ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बरमपुर गांव की है। मृतक बच्चे के पिता महेंद्र कुमार ने बताया कि, उनके अन्य बच्चे सड़क पर पड़ी एक खराब मोबाइल बैटरी घर ले आए थे। इसी दौरान एक साल का मासूम उस बैटरी से खेल रहा था, तभी अचानक बैटरी फट गई। विस्फोट इतना तेज था कि बच्चे का चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए।

घटना के बाद परिजनों ने बच्चे को पहले प्रेमनगर के स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, महेंद्र कुमार के पांच बच्चे हैं और मृतक बच्चा परिवार में सबसे छोटा था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Next Story