छत्तीसगढ़
बार-बार पाइपलाइन टूटने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित, नई लाइन बिछाने दिया आवेदन
Shantanu Roy
25 Nov 2026 9:52 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगाें से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 63 आवेदन प्राप्त हुए।
इसी कड़ी में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 58 उरला में पेयजल पाइपलाइन बार-बार टूटने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के निराकरण के लिए वार्डवासियों ने नई पाइपलाइन बिछाने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि अमृत मिशन योजना के तहत सभी घरों में लंबे पाइपलाइन कनेक्शन दिए गए हैं। इस मार्ग से बड़े वाहनों के आवागमन के कारण पाइपलाइन बार-बार टूट जाती है, जिससे घरों में पेयजल आपूर्ति बाधित होती है। पाइपलाइन की मरम्मत के बाद भी कुछ दिनों में फिर टूटने की समस्या सामने आ रही है। वार्डवासियों ने नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सके। विकासखंड दुर्ग के ग्राम भेड़सर निवासी ने भारी बारिश एवं आंधी-तूफान के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण आर्थिक सहायता प्रदान करने आवेदन दिया।
आवेदक ने बताया कि तेज आंधी-तूफान एवं बारिश के कारण उनका मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आवेदक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है तथा परिवार के सदस्य शारीरिक रूप से भी कमजोर होने के कारण मजदूरी एवं अन्य कार्य करने में असमर्थ हैं। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने और जीवनयापन की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को मकान क्षति(आपदा) के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। ग्राम पंचायत चंदखुरी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करवाने आवेदन दिया। ग्रामीणजनों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 में रोड सीमेंटीकरण नही होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लगभग 50 मीटर सड़क का सीमेंटीकरण कार्य नहीं होने से बारिश के दौरान कीचड़ एवं जलभराव की स्थिति बनी रहती है। उक्त सड़क का निर्माण लंबे समय से लंबित है। इस संबंध में ग्राम सरपंच को भी बताया गया है। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
Next Story





