छत्तीसगढ़
पीएम आवास के पात्र हितग्राही ई-रेत संगवारी एप से कर सकेंगे निःशुल्क रेत के लिए आवेदन
Shantanu Roy
4 Nov 2026 12:59 PM IST

x
छग
Sarangarh–Bilaigarh. सारंगढ़–बिलाईगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए रेत उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। हितग्राही ई-रेत संगवारी मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर नियमानुसार निःशुल्क रेत प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा का उद्देश्य आवास निर्माण के लिए रेत की उपलब्धता को सुगम बनाना और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम-7 के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) के माध्यम से प्रदेश की सात नवीन रेत खदानों की निविदा प्रक्रिया पूरी की गई है। सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में तीन रेत खदानों की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर भू-प्रवेश की अनुमति दी गई है। इनमें सारंगढ़ तहसील के ग्राम बहिदा और ग्राम जसपुर तथा सरिया तहसील के ग्राम बरगांव स्थित रेत खदानें शामिल हैं। इन खदानों से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण कर रहे पात्र हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रेत के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन करने और प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए हितग्राही अपने ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक अथवा ग्राम सचिव से संपर्क कर सकते हैं। जिला पंचायत में योजना की प्रभारी जिला समन्वयक श्रीमती संजू पटेल से मोबाइल नंबर 8770567054 तथा प्रभारी प्रोग्रामर एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री दिलीप साहू से मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों से ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन कर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। इससे आवास निर्माण के लिए रेत प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होगी और हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध होगा।
Next Story





