छत्तीसगढ़

संभावित मरीजों की निःशुल्क एक्स-रे जांच और उपचाररत मरीजों के फेस ऑथेंटिकेशन पर दिया जोर

Shantanu Roy
25 Nov 2026 7:33 PM IST
संभावित मरीजों की निःशुल्क एक्स-रे जांच और उपचाररत मरीजों के फेस ऑथेंटिकेशन पर दिया जोर
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर स्क्रीनिंग, जन जागरूकता एवं मरीजों की पहचान की गतिविधियों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद अनुपमा आनंद की अध्यक्षता में 23 नवंबर को जिला पंचायत के सभाकक्ष में अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी ग्राम पंचायतों में स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने तथा कम स्क्रीनिंग वाले क्षेत्रों में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, आम नागरिकों, माय भारत वॉलंटियर्स एवं एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी ग्राम पंचायतों में टीबी स्क्रीनिंग का कार्य किया जाए। जिन पंचायतों में स्क्रीनिंग का कार्य अपेक्षाकृत कम हुआ है, वहां विशेष प्रयास कर स्क्रीनिंग में तेजी लाई जाए। ग्राम स्तर पर चिन्हांकित संभावित टीबी मरीजों की हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से निःशुल्क जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को उपचाररत टीबी मरीजों के घरों का भ्रमण कर पोषण आहार के लिए प्रदाय की जाने वाली राशि हेतु मरीजों का फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने को कहा गया। इससे पात्र मरीजों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पंचायत विभाग के सचिवों को निर्देशित किया गया कि वे ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर लोगों को टीबी स्क्रीनिंग, स्पुटम कलेक्शन एवं हैंड हेल्ड एक्स-रे जांच के प्रति जागरूक करें। साथ ही, संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। उपचाररत टीबी मरीजों को निक्षय पोषण योजना के तहत पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी पंचायत सचिवों एवं
जनप्रतिनिधियों
से निक्षय मित्र के रूप में पंजीयन कराने की अपील की गई। निक्षय मित्र बनकर मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने से उनके उपचार एवं शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी। टीबी मुक्त भारत अभियान का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनुपमा आनंद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह कुशवाहा, जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. विकास चंद्राकर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम नीलू धृतलहरे ने अभियान के अंतर्गत अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में विकासखंड महासमुंद के सेक्टर सुपरवाइजर, बीपीएम, बीडीएम, आरएचओ मेल, सीएचओ तथा जिला क्षय उन्मूलन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Next Story