छत्तीसगढ़

घर में घुसकर किसान से मारपीट, 4 लोगों पर FIR दर्ज

Nil dhankar
19 July 2026 8:11 AM IST
घर में घुसकर किसान से मारपीट, 4 लोगों पर FIR दर्ज
x

रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के संकरी गाँव में एक किसान के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित खेमन लाल साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के चार लोगों पर घर का दरवाजा तोड़कर जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, खेमन लाल साहू 11 जुलाई 2026 से घर पर अकेले थे, क्योंकि उनका पूरा परिवार उज्जैन गया हुआ था। आरोप है कि 15 जुलाई की रात करीब 9:50 बजे गांव के लोकनाथ साहू, उसकी पत्नी नीशा साहू, नागेश साहू और रोशन पारधी एक राय होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने मुख्य दरवाजे को लात मारकर तोड़ दिया और घर में जबरन घुस गए।

पीड़ित का आरोप है कि चारों ने घर के भीतर पहुंचकर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर सभी ने मिलकर हाथ, मुक्कों और लातों से उनकी पिटाई कर दी तथा जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उनकी दोनों आंखों और सिर पर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

खेमन लाल साहू के अनुसार, 16 जुलाई को जब उनका परिवार उज्जैन से वापस लौटा, तब उन्होंने घटना की पूरी जानकारी परिजनों को दी। साथ ही गांव के निखिल वर्मा और शिवा साहू को भी घटना के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने मंदिर हसौद थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story