छत्तीसगढ़
कोरिया में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 4 बुलेट समेत 30 मामलों में 48,100 रुपये जुर्माना
Shantanu Roy
6 Oct 2026 11:33 PM IST

x
छग
Korea. कोरिया। जिले में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरिया पुलिस ने 5 अक्टूबर 2026 की रात सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कुल 30 मामलों में 48 हजार 100 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलों पर भी कार्रवाई की गई।
यह अभियान थाना कोतवाली बैकुंठपुर, पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी, थाना पटना, थाना चरचा, थाना सोनहत और जिला यातायात पुलिस बल द्वारा एक साथ चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग मार्गों और प्रमुख स्थानों पर वाहन रोककर दस्तावेजों, नंबर प्लेट, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों की जांच की। बैकुंठपुर पुलिस ने सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया। पुलिस ने प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस ने वाहन चालकों को मानक साइलेंसर का उपयोग करने की हिदायत भी दी।
यातायात पुलिस कोरिया ने कुल 20 प्रकरणों में 25 हजार 200 रुपये का शमन शुल्क वसूला। इसके साथ 14 प्रकरणों में ई-चालान की कार्रवाई की गई। जांच के दौरान बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने वाले एक ऑटो चालक से 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए मालवाहक वाहन में खतरनाक तरीके से सवारी ढोने वाले दो पिकअप वाहनों पर 14 हजार रुपये की कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट चल रहे चार वाहनों से 1 हजार 200 रुपये, बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वालों से 1 हजार 500 रुपये तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों से 2 हजार 700 रुपये का शमन शुल्क भी लिया गया। थाना पटना क्षेत्र में 14 प्रकरणों में 6 हजार 700 रुपये और थाना सोनहत क्षेत्र में तीन मामलों में 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया। थाना चरचा में एक पिकअप चालक के विरुद्ध कार्रवाई कर 500 रुपये का शमन शुल्क लिया गया। वहीं पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी में सीट बेल्ट नहीं लगाने पर एक पिकअप चालक के खिलाफ धारा 194(बी) के तहत 1 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित करने वाली पार्किंग के मामले में धारा 122/177 के तहत 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर भी विशेष नजर रखी। ऐसे मामलों में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कोरिया पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मॉडिफाइड या तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग न करें। ऐसे वाहनों को चेकिंग में पकड़े जाने पर जब्ती, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Next Story





