छत्तीसगढ़

बिलासपुर में युवतियों के बीच सड़क पर गैंगवार, देखें VIDEO...

Shantanu Roy
6 Nov 2026 3:24 PM IST
बिलासपुर में युवतियों के बीच सड़क पर गैंगवार, देखें VIDEO...
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए युवतियों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के अलग-अलग इलाकों से युवतियों के आपसी विवाद और हिंसक झड़प के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो ने शहर की कानून व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरेराह खींचे बाल, जमकर चले लात-घूंसे
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवतियों के दो गुट किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवतियां एक-दूसरे को गालियां देते हुए हिंसक हो उठीं। सरेराह हुई इस मारपीट के दौरान युवतियों ने एक-दूसरे के बाल पकड़े, उन्हें सड़क पर घसीटा और लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ युवक और राहगीर मूकदर्शक बने रहे, जबकि कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।


पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की आशंका
स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस विवाद के पीछे युवतियों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बिलासपुर के कुदुदंड पुल और सरकंडा-बहतरई मार्ग के आस-पास के क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। शहर के चौक-चौराहों और सुनसान रास्तों पर देर रात युवतियों के गुटों में इस तरह की भिड़ंत अब आम होती जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, रील्स बनाकर दिखा रहीं रसूख
हैरानी की बात यह है कि मारपीट की इस घटना के बाद युवतियों में कानून का कोई खौफ नहीं दिख रहा है। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, इसमें शामिल कुछ युवतियों द्वारा कथित तौर पर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर "कैसा लगा" जैसे कैप्शन के साथ स्टेटस पोस्ट कर अपनी ताकत का प्रदर्शन करने की बात भी सामने आई है। यह सोशल मीडिया पर खुद को 'डॉन' या रसूखदार दिखाने की नई संस्कृति को दर्शाता है।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और जांच
इस पूरे मामले में बिलासपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस एक्टिव हो गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर युवतियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी में है।
Next Story