छत्तीसगढ़

रायपुर में करोड़ों का गुटखा जब्त, टैक्स चोरी के शक में GST विभाग की एंट्री

SHIDDHANT
1 Nov 2026 9:23 PM IST
रायपुर में करोड़ों का गुटखा जब्त, टैक्स चोरी के शक में GST विभाग की एंट्री
x
करोड़ों का माल जब्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित गुटखे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने करोड़ों रुपए कीमत का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित ठिकानों पर दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में गुटखे का स्टॉक बरामद हुआ। इस कार्रवाई के बाद अवैध गुटखा कारोबार और संभावित टैक्स चोरी को लेकर जांच तेज हो गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े कारोबारियों और सप्लाई करने वालों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को आशंका है कि जब्त गुटखे के भंडारण और परिवहन में कर संबंधी अनियमितताएं हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने राज्य और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग को मामले की जानकारी दी है। संबंधित विभागों की टीम गुटखे के स्टॉक, खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गुटखा कहां से लाया गया था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जानी थी।
इस कार्रवाई के बाद रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय गुटखा कारोबारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। पुलिस कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित गुटखे का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था।
इससे पहले 26 सितंबर 2026 को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में छापेमारी की थी। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर तीन वाहनों में अधिकारी कारोबारी के ठिकाने पर पहुंचे थे। जांच के दौरान गोदाम से 50 से अधिक बोरे सितार गुटखा मिले थे।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद गुटखे के स्टॉक और संबंधित दस्तावेजों की जांच की थी। गोदाम मालिक समेत कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई थी, ताकि जांच से जुड़े तथ्यों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
सितंबर में हुई कार्रवाई के दौरान DGGI सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि संबंधित गोदाम का संबंध बंटी नामक गुटखा कारोबारी से बताया जा रहा था। दुर्ग में उसके एक कारोबारी साझेदार के होने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, मौजूदा कार्रवाई से इन लोगों का संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पूर्व में सामने आई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के कल्याण के आसपास स्थित फैक्ट्री से गुटखा तैयार कराकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई थी। वहीं, दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित स्टेशन चौक इलाके में भी सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस कार्रवाई में गुटखा बनाने की दो मशीनें और लगभग 30 बोरे गुटखा जब्त किए गए थे।
रायपुर में हुई ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर प्रतिबंधित गुटखे के अवैध भंडारण, सप्लाई नेटवर्क और संभावित टैक्स चोरी का मामला चर्चा में है। फिलहाल पुलिस और GST विभाग जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कारोबार से जुड़े लोगों, वास्तविक जब्ती मूल्य और संभावित कर चोरी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story