छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में चक्रवात व बाढ़ की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
Shantanu Roy
4 Nov 2026 7:32 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। चक्रवात (साइक्लोन) और बाढ़ की संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य संचालनालय ने प्रदेशभर में तैयारियां शुरू करने के कड़े निर्देश दिए हैं। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के निर्बाध संचालन से लेकर संक्रामक बीमारियों की कड़ी निगरानी और महामारी नियंत्रण तक के लिए स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा 9 विस्तृत बिंदुओं वाली गाइडलाइन जारी की गई है। इस गाइडलाइन के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे सक्रिय रहने वाले हेल्थ कंट्रोल रूम स्थापित करने, रैपिड रिस्पॉन्स टीमों (RRT) को अलर्ट मोड पर रखने और जरूरी जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य संचालनालय के आपदा प्रबंधन कार्यक्रम द्वारा इस संबंध में विधिवत आदेश जारी किया गया है। यह महत्वपूर्ण निर्देश प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) तथा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को भेज दिया गया है। विभाग ने जिला स्तर पर गठित स्वास्थ्य आपदा प्रबंधन एवं महामारी नियंत्रण समिति को तुरंत सक्रिय करने के साथ-साथ जिला सर्विलांस अधिकारी (DSO), इंटीग्रेटेड डिसीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) और अन्य संबंधित प्रशासनिक विभागों के बीच निरंतर समन्वय बनाने पर जोर दिया है। जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जिला एवं विकासखंड स्तर पर 24×7 संचालित होने वाले हेल्थ कंट्रोल रूम तत्काल स्थापित किए जाएंगे।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में बाढ़ की आशंका वाले और संवेदनशील गांवों की पहचान कर उनकी प्राथमिकता के आधार पर सूची तैयार करें। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, स्थानीय पंचायतों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के साथ मिलकर संयुक्त रूप से काम करने को कहा गया है। आपदा के समय संक्रामक बीमारियों का फैलाव रोकने के लिए सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित रोग निगरानी की जाएगी। अतिसार (डायरिया), बुखार, पीलिया, उल्टी और अन्य मौसमी बीमारियों के मामलों में होने वाली किसी भी असामान्य बढ़ोतरी की रोजाना समीक्षा करनी होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों को IDSP-IHIP पोर्टल पर S, P और L फॉर्म के माध्यम से नियमित और सटीक रिपोर्टिंग करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। किसी भी क्षेत्र में संभावित बीमारी के प्रकोप की जानकारी मिलते ही जिला सर्विलांस इकाई को तुरंत सूचित किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के सैंपल लेकर लैब जांच कराई जाएगी।
जिले और ब्लॉक स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसी भी क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका या सूचना मिलते ही टीम को तत्काल मौके पर रवाना कर जांच और नियंत्रण की कार्रवाई शुरू करनी होगी। यह टीम मरीजों की पहचान करने, उनके संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग करने, संक्रमण के मूल स्रोत की जांच करने तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार व उच्च अस्पतालों में रेफरल की व्यवस्था संभालेगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयों व मेडिकल सामग्रियों का पर्याप्त बफर स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। इसमें ओआरएस (ORS), जिंक टैबलेट्स, आईवी फ्लूड, आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं, एंटी स्नेक वेनम (सांप के काटने का इंजेक्शन), क्लोरीन टैबलेट, ब्लीचिंग पाउडर, पीपीई किट, मास्क, दस्ताने और जांच किट शामिल हैं। दवाइयों को नमी से बचाने के लिए एयरटाइट कंटेनर में सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई है।
बाढ़ के दौरान पेयजल दूषित होने और जलभराव से मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए पानी के सभी स्रोतों की नियमित जांच और अनिवार्य क्लोरीनेशन कराने को कहा गया है। दूषित पाए गए पानी के स्रोतों की पहचान कर उनके इस्तेमाल पर रोक लगाई जाएगी। आपदा राहत शिविरों में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही जलभराव वाले इलाकों में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। बुखार के सभी संदिग्ध मरीजों की मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया सहित जरूरी खून जांच कराई जाएगी तथा बीमारियों से बचाव के लिए जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्परता से इलाज उपलब्ध कराने के लिए राहत शिविरों में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर (हेल्थ कैंप) आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश हैं। आवश्यकतानुसार मोबाइल मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी, ताकि गंभीर मरीजों को बिना देरी किए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षित पेयजल के प्रयोग, हाथ धोने की आदत, व्यक्तिगत स्वच्छता और भोजन की साफ-सफाई को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया है। लोगों को संक्रामक बीमारियों के लक्षणों की जानकारी दी जाएगी और लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तैयारियों की निगरानी के लिए सभी CMHO को जिला स्तर पर दैनिक रिपोर्ट तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में राज्य कार्यालय और आपदा प्रबंधन सेल (DM Cell) को भेजनी होगी। इस रिपोर्ट में प्रभावित गांवों व आबादी का ब्योरा, राहत व स्वास्थ्य शिविरों की संख्या, मरीजों की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, पेयजल क्लोरीनेशन, तैनात स्वास्थ्य कर्मियों, रेफरल मामलों और मौतों से जुड़ी पूरी जानकारी शामिल रहेगी।
Next Story





