छत्तीसगढ़
15 अगस्त से पहले रायपुर में हाई अलर्ट, 43 जगहों पर नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग
Shantanu Roy
10 Aug 2026 12:04 AM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक नाकेबंदी और सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। रायपुर कमिश्नरेट के मध्य, नॉर्थ और पश्चिम जोन के सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर कुल 43 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ नंबर प्लेट और वाहन में मौजूद लोगों की भी जांच कर रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों का सत्यापन किया जा रहा है। रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस विशेष रूप से बिना नंबर के वाहनों, संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की आशंका वाले लोगों पर नजर रख रही है। इसके अलावा शहर में बाहर से आने वाले लोगों और संदिग्ध वाहनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
मध्य जोन में 14 चेकिंग पॉइंट
मध्य जोन के अंतर्गत आने वाले थाना क्षेत्रों में कुल 14 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में चांदनी चौक और कोतवाली चौक पर चेकिंग की जा रही है। गोलबाजार थाना क्षेत्र में जयस्तम्भ चौक और मोतीबाग के पास मजार चौक को चेकिंग प्वाइंट बनाया गया है।
मौदहापारा थाना क्षेत्र में मरही माता मंदिर के पास चौक और शारदा चौक, जबकि गंज थाना क्षेत्र में तेलघानी नाका और सेलिब्रेशन होटल के सामने पुलिस की तैनाती की गई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गोवर्धन चौक के पास और भाटिया नर्सिंग होम के पास चेकिंग की जा रही है। देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में लाल चौक और राम जानकी मंदिर चौक तथा तेलीबांधा थाना क्षेत्र में फूंडहर चौक और अग्रसेन चौक पर वाहन जांच की जा रही है।
नॉर्थ जोन में 11 चेकिंग पॉइंट
नॉर्थ जोन में कुल 11 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। खमतराई थाना क्षेत्र में खमतराई चौक और बंजारी चौक, पंडरी थाना क्षेत्र में थाने के सामने और विज्ञान केंद्र के पास पुलिस टीम तैनात है। खमारडीह थाना क्षेत्र में खमारडीह चौक और शंकर नगर चौक, उरला थाना क्षेत्र में कनहेरा चौक और सिंघानिया चौक पर जांच की जा रही है। गुड़ियारी थाना क्षेत्र में भारत माता चौक और पड़ाव को चेकिंग प्वाइंट बनाया गया है। वहीं रामनगर चौकी क्षेत्र में कबीर चौक पर भी पुलिस बल तैनात है।
पश्चिम जोन में सबसे ज्यादा 18 चेकिंग पॉइंट
पश्चिम जोन में कुल 18 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। आजाद चौक थाना क्षेत्र में थाने के सामने और भैंसथान के पास, राजेंद्र नगर में लालपुर चौक और PWD ब्रिज के नीचे पुलिस जांच कर रही है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में लाखेनगर चौक और भाठागांव, DD नगर में महादेवघाट और गोल चौक पर चेकिंग की जा रही है। आमानाका थाना क्षेत्र में टाटीबंध चौक और मोहबाबाजार, जबकि सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में NIT के सामने और जगन्नाथ चौक पर पुलिस टीम तैनात है।
टिकरापारा थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास और कमल होटल के पास, कबीर नगर थाना क्षेत्र में गेट नंबर 1 रिंग रोड के पास और अंबेडकर चौक पर वाहन जांच की जा रही है। मुजगहन थाना क्षेत्र में थाने के सामने तथा एक्सप्रेस-वे, धमतरी रोड पर भी पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, सभी चेकिंग पॉइंट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ-साथ बिना नंबर के वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। संदिग्ध नंबर प्लेट, असामान्य गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोग विभिन्न आयोजनों में शामिल होंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा पहले से ही संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
Tagsरायपुर पुलिस15 अगस्त सुरक्षास्वतंत्रता दिवसवाहन चेकिंगनाकेबंदी अभियान43 चेकिंग पॉइंटरायपुर कमिश्नरेटमध्य जोननॉर्थ जोनपश्चिम जोनसंदिग्ध वाहन जांचरायपुर सुरक्षाRaipur PoliceIndependence Day Security15 AugustVehicle CheckingPolice Nakabandi43 Checking PointsRaipur CommissionerateTraffic CheckingSuspicious VehicleSecurity AlertCrime PreventionRaipur NewsChhattisgarh Police
Next Story





