छत्तीसगढ़

हाइवा चालक को जंगल ले जाकर बेरहमी से पीटा, मोबाइल-चेन और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से लूट

Shantanu Roy
4 Jun 2026 12:07 AM IST
हाइवा चालक को जंगल ले जाकर बेरहमी से पीटा, मोबाइल-चेन और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से लूट
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक हाइवा चालक के साथ मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार नकाबपोश बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा और उसके मोबाइल, चांदी की चेन सहित नकदी ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। जानकारी के अनुसार, उसलापुर शिवनगर निवासी हमेश कुमार कोशले हाइवा चालक हैं। सोमवार रात वे अपने साथी दीपक मानिकपुरी और दुर्गेश यादव के साथ भरनी मेला ग्राउंड में मुरूम खाली करने के बाद हाइवा लेकर दबेना की ओर जा रहे थे। रात करीब एक बजे संबलपुर तालाब के पास जंगल मार्ग में टॉर्च दिखाकर कुछ लोगों ने उनका वाहन रुकवाया।
हाइवा रुकते ही वहां पहले से एक ट्रेलर और होंडा शाइन मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। इसी दौरान मुंह बांधे चार युवक अचानक सामने आए और गाली-गलौज करने लगे। स्थिति बिगड़ते ही तीनों लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। अंधेरे का फायदा उठाकर दीपक और दुर्गेश वहां से निकल गए, लेकिन हमेश कुमार का पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया, जहां बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों ने उसे घसीटकर पास के जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसके सिर, बाएं हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल के माध्यम से हाइवा मालिक श्रवण यादव को कॉल कराकर यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद बदमाशों ने चालक से फोन-पे की जानकारी भी हासिल कर ली और उसका मोबाइल फोन, चांदी की चेन तथा अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद घायल चालक किसी तरह वहां से निकलकर अपने साथियों की मदद से पुलिस तक पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ट्रक और हाइवा चालकों ने रात के समय सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story