
x
छग
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ और भिलाई के लिए दोहरी खुशी की खबर है। एक ओर भारतीय महिला हैंडबॉल टीम ने बांग्लादेश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में चैंपियन बनकर तिरंगा लहराया है, वहीं इस विजेता टीम के मैनेजर के रूप में भिलाई के जी. सुरेश पिल्लई (बाबे) ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जी सुरेश पिल्लई बने थे टीम मैनेजर
हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार भिलाई निवासी जी. सुरेश पिल्लई को ढाका में 18 से 22 अक्टूबर तक आयोजित IHF ट्रॉफी सीनियर वुमेन्स हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया था। वे लंबे समय से हैंडबॉल के विकास से जुड़े रहे हैं। इस नियुक्ति पर भिलाई के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
फाइनल में बांग्लादेश को करारी शिकस्त
गुरुवार को शहीद कैप्टन एम. मंसूर अली नेशनल हैंडबॉल स्टेडियम, ढाका में खेले गए फाइनल में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 28-16 से हराकर बेगम खालिदा जिया IHF नेशंस ट्रॉफी जीत ली। चार देशों के टूर्नामेंट में भारत अजेय रहा। बांग्लादेश ने ग्रुप में नेपाल और मालदीव को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, उसकी एकमात्र हार भारत से ही हुई। फाइनल में शुरूआती 10 मिनट तक बांग्लादेश ने टक्कर दी, लेकिन भारत ने जल्द ही 14-9 की बढ़त बनाकर मैच पर नियंत्रण कर लिया। दूसरे हाफ में भारत ने अंतर और बढ़ा दिया। भारतीय गोलकीपर दिक्षा कुमारी ने बांग्लादेश की स्टार हमलावर साकिबा और निशी के कई हमलों को नाकाम किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि भारत की भावना शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। बुधवार को नेपाल ने मालदीव को हराकर कांस्य पदक जीता था।
छत्तीसगढ़ की बेटी निक्की भी टीम में
इस विजेता टीम में छत्तीसगढ़ का भी प्रतिनिधित्व रहा। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टीटी के पद पर कार्यरत निक्की इस टीम का हिस्सा रहीं और छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया। टीम में सर्वाधिक खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से शामिल थीं।
कोचिंग स्टाफ
भारतीय टीम के मुख्य कोच सचिन, महिला कोच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्योति शुक्ला (उत्तर प्रदेश) और सहयोगी मैनेजर के रूप में राहुल शुक्ला भी टीम के साथ थे। इंडियन हैंडबॉल फेडरेशन के प्रमुख आनंदेश्वर पांडेय हैं। भारतीय टीम का शानदार अजेय अभियान के बाद आज स्वदेश वापसी हो रही है।
Next Story





