छत्तीसगढ़
सिम्स अस्पताल में स्टाफ को धमकाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
Shantanu Roy
14 Sept 2026 4:23 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में सीनियर सिटीजन काउंटर को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवक दवा वितरण कक्ष में घुस गया और फार्मासिस्ट समेत अन्य कर्मचारियों से गाली-गलौज व अभद्रता करते हुए धमकी देने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सरजू बगीचा निवासी प्रियांशु मिश्रा अपने दादा के लिए दवा लेने सिम्स अस्पताल पहुंचा था। दवा लेने के दौरान वह सीनियर सिटीजन के लिए निर्धारित काउंटर की कतार में लग गया। दवा वितरण केंद्र के कर्मचारी ने उसे बताया कि वह स्वयं सीनियर सिटीजन नहीं है, इसलिए उसे सामान्य दवा काउंटर से दवा लेनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी की बात सुनकर युवक नाराज हो गया। युवक का कहना था कि वह अपने दादा के लिए दवा लेने आया है, इसलिए उसे सीनियर सिटीजन काउंटर से ही दवा दी जानी चाहिए। इसी बात को लेकर कर्मचारी और युवक के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और युवक ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवक दवा वितरण कक्ष के अंदर घुस गया और वहां मौजूद फार्मासिस्ट से उलझने लगा। विवाद बढ़ता देखकर अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचे तो युवक ने कथित तौर पर उनके साथ भी अभद्रता की और धमकी दी। करीब 15 मिनट तक दवा वितरण कक्ष में हंगामा चलता रहा।
हंगामे के कारण अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बताया गया है कि करीब आधे घंटे तक दवा वितरण का कामकाज बाधित रहा। इस दौरान अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवक कर्मचारियों से बहस और उन्हें धमकाते हुए नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, युवक ने खुद को सिविल लाइन थाने के टीआई का रिश्तेदार बताते हुए कर्मचारियों को देख लेने की धमकी दी। वीडियो में वह कथित तौर पर टीआई को अपना मौसा बताते हुए कर्मचारियों को घसीटकर ले जाने और मारपीट करने जैसी बातें कहते हुए दिखाई दे रहा है।
दवा वितरण कक्ष से बाहर निकलने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि युवक कर्मचारियों से माफी मंगवाने की बात को लेकर हंगामा करता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान सरजू बगीचा निवासी प्रियांशु मिश्रा (22), पिता दीपक मिश्रा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, आरोपी युवक को रविवार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने युवक से उसके व्यवहार को लेकर माफी भी मंगवाई और इसका वीडियो बनाया।
Next Story





