छत्तीसगढ़

कोटा पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा किया, शातिर आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
28 Jun 2026 12:11 AM IST
कोटा पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा किया, शातिर आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। कोटा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 12 जून 2026 का है। ग्राम गनियारी निवासी राजू आदिवासी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी काले रंग की बिना नंबर प्लेट की
एचएफ डिलक्स
मोटरसाइकिल शराब भट्ठी के पास इमली के पेड़ के नीचे खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक वहां से गायब थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने वार्ड क्रमांक-4 घुरू-अमेरी क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम प्रकाश यादव (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-4 घुरू, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिल को छिपाकर रखने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने बाइक बरामद कर ली।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम ने यह सफलता हासिल की। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक नंद कुमार यादव, अविनाश शर्मा और दीप सिंह कंवर की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
Next Story