छत्तीसगढ़

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर से सागौन और साल की 80 नग अवैध लकड़ी जब्त

Shantanu Roy
5 Nov 2026 10:33 PM IST
वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, घर से सागौन और साल की 80 नग अवैध लकड़ी जब्त
x
छग
Kondagaon. कोंडागांव। कोंडागांव जिले के केशकाल वनमंडल अंतर्गत वन संपदा के अवैध दोहन और लकड़ी के गैरकानूनी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। विभाग की टीम ने तहसील बड़े राजपुर के ग्राम चिचाड़ी में एक मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की है। मकान की ली गई तलाशी के दौरान सागौन (Teak) और साल (Sal) प्रजाति के कुल 80 नग चिरान बरामद किए गए, जिनमें सागौन के 66 नग और साल के 14 नग शामिल हैं।
मुखबिर की सूचना पर सर्च वारंट जारी कर हुई रेड
वन विभाग को विश्वसनीय सूत्रों से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम चिचाड़ी स्थित एक ग्रामीण ने अपने घर के भीतर अवैध रूप से सागौन और साल की लकड़ियों का भंडारण कर रखा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उप वनमंडलाधिकारी केशकाल द्वारा नियमानुसार सर्च वारंट जारी किया गया। सर्च वारंट जारी होने के तुरंत बाद वन परिक्षेत्र बड़े राजपुर की टीम ने संबंधित ग्रामीण के मकान पर पहुंचकर दबिश दी और तलाशी ली।
80 नग चिरान जब्त, वन अपराध दर्ज
मकान परिसर की तलाशी के दौरान 66 नग सागौन चिरान और 14 नग साल चिरान बरामद हुए। वन अधिकारियों ने मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में विधिवत पंचनामा तैयार कर सभी 80 नग इमारती लकड़ियों को अपनी कस्टडी में लेकर जब्त कर लिया। इस मामले में संबंधित आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 19495/07 दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा 5 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ वनोपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम, 1969 की धारा 5 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नेटवर्क खंगालने में जुटा वन विभाग
वन विभाग की टीम अब जब्त की गई लकड़ी के वास्तविक स्रोत, उसके अवैध संग्रहण और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी भारी मात्रा में कीमती लकड़ियां किस जंगल से काटकर लाई गई थीं और क्या इस अवैध कारोबार के पीछे लकड़ी तस्करों का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी व कर्मचारी
यह पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (DFO) दिव्या गौतम एवं उप वनमंडलाधिकारी (SDFO) सुषमा नेताम के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। छापेमारी अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेन्द्र समुद, विश्रामपुरी सहायक परिक्षेत्र अधिकारी श्रवण नेताम सहित बड़े राजपुर वन परिक्षेत्र का समस्त मैदानी अमला शामिल रहा।
Next Story