छत्तीसगढ़

7.32 लाख का टैक्स बकाया, सीलबंदी के बाद दूसरा दरवाजा खोलकर कारोबार, दो पर FIR; रायपुर निगम का बड़ा एक्शन

Shubhra Nandy
25 Nov 2026 7:09 AM IST
7.32 लाख का टैक्स बकाया, सीलबंदी के बाद दूसरा दरवाजा खोलकर कारोबार, दो पर FIR; रायपुर निगम का बड़ा एक्शन
x
आमानाका थाने में मामला दर्ज
रायपुर : राजधानी रायपुर में संपत्ति कर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत वीर सावरकर नगर वार्ड में सात लाख 32 हजार 262 रुपये का संपत्ति कर बकाया होने पर सील किए गए भवन में कथित रूप से दोबारा व्यवसाय शुरू करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संपत्ति स्वामियों ने नगर निगम के सक्षम अधिकारी की अनुमति लिए बिना भवन का दूसरा दरवाजा खोलकर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दीं। इस मामले में निगम की शिकायत पर आमानाका थाना पुलिस ने प्रीतम सिंह और जगमीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और 329(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
नगर निगम जोन क्रमांक 8, मोहबा बाजार के सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे की ओर से पुलिस में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार, वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में स्थित संपत्तियों के स्वामी प्रीतम सिंह पिता जीत सिंह और जगमीत सिंह पिता प्रीतम सिंह के विरुद्ध वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2026-27 तक का संपत्ति कर बकाया है। दोनों संपत्तियों पर कुल सात लाख 32 हजार 262 रुपये की राशि का भुगतान नहीं किया गया था।
नोटिस के बावजूद नहीं किया संपत्ति कर का भुगतान
नगर निगम के दस्तावेजों के मुताबिक, संबंधित संपत्तियों का यूआईडी क्रमांक RPR801100008 और RPR801100008A है। दोनों संपत्तियों पर क्रमशः छह लाख 59 हजार 817 रुपये और 72 हजार 445 रुपये का कर बकाया बताया गया है। निगम प्रशासन ने बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद संपत्ति कर की राशि का भुगतान नहीं किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी करने और भुगतान की समयावधि समाप्त होने के बाद नगर निगम ने संबंधित संपत्ति के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की थी।
20 अगस्त को निगम ने किया था मुख्य दरवाजा सील
एफआईआर में संलग्न नगर निगम के आवेदन के मुताबिक, बकाया संपत्ति कर की राशि जमा नहीं होने पर 20 अगस्त 2026 को भवन के मुख्य दरवाजे को सील कर दिया गया था। निगम ने छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत धारा 173 के अंतर्गत 15 दिनों की अवधि वाला डिमांड बिल, धारा 174 के अंतर्गत 30 दिनों की अवधि वाला डिमांड नोटिस और धारा 175 के अंतर्गत कुर्की वारंट से संबंधित 30 दिनों की समयावधि वाला नोटिस जारी किया था। इन प्रक्रियाओं के बाद भी बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर भवन के मुख्य प्रवेश द्वार को सील किया गया था।
दूसरा दरवाजा खोलकर फिर शुरू किया कारोबार
नगर निगम की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीलबंदी की कार्रवाई के बाद भी संपत्ति स्वामियों ने निगम के सक्षम अधिकारी से अनुमति अथवा स्वीकृति प्राप्त नहीं की। इसके बजाय भवन का दूसरा दरवाजा खोलकर कथित रूप से दोबारा व्यवसाय शुरू कर दिया गया। निगम प्रशासन ने इसे अपनी वैधानिक कार्रवाई का उल्लंघन मानते हुए संबंधित संपत्ति स्वामियों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की। इस संबंध में नगर निगम के अपर आयुक्त के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 175 एवं 307 के तहत भवन स्वामियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कदम उठाए गए।
जोन आयुक्त ने राजस्व निरीक्षक को किया अधिकृत
मामले में नगर निगम जोन क्रमांक 8 के जोन आयुक्त ने वार्ड के सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे को पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अधिकृत किया। जोन आयुक्त कार्यालय की ओर से 21 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 468 ना.पा.नि./जोन-8/2026 के माध्यम से आमानाका थाना प्रभारी को आवेदन भेजा गया। आवेदन के साथ सीलबंदी के पंचनामे की छायाप्रति और सील टूटी हुई स्थिति की तस्वीर का भी उल्लेख किया गया है। निगम प्रशासन ने पुलिस से संबंधित भवन स्वामियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई करने और कार्रवाई की जानकारी जोन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
आमानाका थाने में दो धाराओं के तहत अपराध दर्ज
नगर निगम की शिकायत और प्रस्तुत दस्तावेजों के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 एवं 329(4) के तहत अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया है। एफआईआर की पहले उपलब्ध कराई गई प्रति के अनुसार, आमानाका थाने में 24 नवंबर 2026 को शाम 4 बजकर 48 मिनट पर अपराध क्रमांक 393/2026 दर्ज किया गया। घटनास्थल टाटीबंध, भनपुरी रोड स्थित एमएस बॉडी वर्क बताया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मिनेश्वर बघेल को सौंपी गई है। पुलिस अब नगर निगम की शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच करेगी।
Next Story
null