छत्तीसगढ़

रायपुर 10 लाख लूट का बड़ा खुलासा, कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

Shantanu Roy
17 Jun 2026 10:22 PM IST
रायपुर 10 लाख लूट का बड़ा खुलासा, कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में 10 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कंपनी का ही कर्मचारी दिनेश राव निकला, जिसने अपने भाई और एक साथी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से लूट की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 जून 2026 की है जब निर्माण कंपनी के कर्मचारी विद्यासागर डहरिया को मजदूरों के भुगतान के लिए 10 लाख रुपये नकद दिए गए थे। वह यह
रकम समता
कॉलोनी स्थित कार्यालय से नवा रायपुर सेक्टर-26 की ओर बाइक से ले जा रहा था। इसी दौरान सेरीखेड़ी और रायपुर-नवा रायपुर मार्ग के बीच ओवरब्रिज के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने उसे रोककर चाकू की नोक पर 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था।
घटना के बाद थाना मंदिर हसौद में मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार जांच के दौरान पुलिस को कंपनी के कर्मचारी दिनेश राव की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदल रहा था, जिससे शक और गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने ही लूट की पूरी योजना बनाई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दिनेश राव वर्ष 2022 से कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत था और उसे कंपनी के कैश ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी थी। उसने लगभग एक माह पहले लूट की योजना बनाई और अपने भाई तथा उसके एक साथी को इसमें शामिल किया। घटना के दिन दिनेश राव ने अपने भाई और साथी को लोकेशन दी और विद्यासागर डहरिया का पीछा कराया। जैसे ही कर्मचारी सुनसान रास्ते पर पहुंचा, दोनों आरोपियों ने उसे रोका और चाकू दिखाकर 10 लाख रुपये का बैग छीन लिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
जांच में यह भी सामने आया कि लूट के बाद तीनों आरोपी अमलेश्वर में मिले, जहां दिनेश राव ने लूट की रकम अपने कब्जे में ले ली। उसने अपने साथियों को 30 हजार रुपये दिए और बाकी 9 लाख 70 हजार रुपये अपने पास रख लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 9 लाख 70 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल सुजुकी बर्गमैन स्कूटर (CG 04 QK 6037) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश राव, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम सिरौलमू, थाना छत्तरपुर बरमपुर, जिला गंजाम (ओडिशा) और वर्तमान पता चौबे कॉलोनी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला पूरी तरह योजनाबद्ध लूट का था, जिसमें कंपनी के अंदर की जानकारी का दुरुपयोग किया गया। सीसीटीवी, तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की पृष्ठभूमि जांच और कैश हैंडलिंग सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story