छत्तीसगढ़

शिक्षिका और बेटे की हत्या का बड़ा खुलासा, सहेली का पति निकला संदिग्ध

Shantanu Roy
22 Oct 2026 9:40 PM IST
शिक्षिका और बेटे की हत्या का बड़ा खुलासा, सहेली का पति निकला संदिग्ध
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 12 दिनों की जांच के बाद पुलिस मुख्य संदिग्ध तक पहुंच गई है। मामले में मृतक शिक्षिका की सहेली के पति की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। पुलिस ने उसे दूसरे राज्य से हिरासत में लिया है। गुरुवार को संदिग्ध को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया गया। पुलिस को जांच के दौरान कुछ जेवर, मोबाइल और अन्य सामान भी मिला है। सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि मामले का विस्तृत खुलासा शुक्रवार को किया जाएगा।

सड़क किनारे मिला था 12वीं के छात्र का शव
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका सामने आई थी। मृतक की पहचान बिश्रामपुर स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि सुजल की स्कूटी उसके घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी थी।

घर के बाथरूम में मिली थी मां की लाश
सुजल की पहचान होने के बाद पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ का भी कोई पता नहीं चल रहा था। इसके बाद बिश्रामपुर पुलिस ने रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा। अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ (40 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। रजनी बरेठ बेलटिकरी के शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं और प्रधानपाठक के प्रभार में कार्यरत थीं। पति से करीब पांच साल पहले तलाक होने के बाद वह बेटे सुजल के साथ केशवनगर में किराए के मकान में रह रही थीं।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आने के बाद सूरजपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी। शुरुआती दौर में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिलने के कारण यह मामला ब्लाइंड मर्डर बना हुआ था। सूरजपुर एसपी ने अंबिकापुर पुलिस से सहयोग मांगा। इसके बाद अंबिकापुर और सूरजपुर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध व्यक्तियों की मोबाइल लोकेशन की जांच की गई। इसी दौरान रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ एक अन्य महिला शिक्षिका के पति की भूमिका संदिग्ध मिली।

दूसरे राज्य से पकड़ा गया संदिग्ध
पुलिस जांच के बीच संदिग्ध व्यक्ति फरार हो गया था। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू की और दूसरे राज्य से उसे हिरासत में ले लिया। गुरुवार को संदिग्ध और उसकी पत्नी से घंटों पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची और वारदात का रिक्रिएशन कराया। पुलिस टीम संदिग्ध को लेकर अंबिकापुर स्थित उसके निवास भी पहुंची। वहां से कुछ जेवर, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पहले बेटे, फिर मां की हत्या करने का संदेह
जांच में सामने आए प्रारंभिक घटनाक्रम के अनुसार, संदिग्ध ने पहले सुजल को घर से बुलाया और अपने वाहन से महावीरपुर ले गया। आरोप है कि वहां सुजल की हत्या करने के बाद वह वापस रजनी बरेठ के घर पहुंचा और उनकी भी हत्या कर दी। हालांकि, वारदात का वास्तविक कारण, घटनाक्रम और संदिग्ध की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि विस्तृत खुलासे के बाद ही होगी। सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस संदिग्ध तक पहुंच चुकी है और उससे पूछताछ जारी है। शुक्रवार को मामले का खुलासा किया जाएगा।
Next Story