छत्तीसगढ़

खैर लकड़ी तस्करी में बड़ा खुलासा, 1.70 करोड़ कैश और 70 टन लकड़ी जब्त

Shantanu Roy
16 Oct 2026 8:32 PM IST
खैर लकड़ी तस्करी में बड़ा खुलासा, 1.70 करोड़ कैश और 70 टन लकड़ी जब्त
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खैर लकड़ी की अवैध तस्करी, फर्जी एनओसी और बिलिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच करते हुए महासमुंद पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शिव ट्रेडर्स के संचालक सतपाल सिंह (67 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1 करोड़ 70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा और मध्यप्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अब तक करीब 70 टन अवैध खैर लकड़ी जब्त की जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में फर्जी बिल, वन विभाग के नकली ट्रांजिट पास और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है।

हिमाचल प्रदेश में छापेमारी, 1.70 करोड़ रुपये नकद जब्त
महासमुंद पुलिस की विशेष टीम ने खैर लकड़ी की तस्करी से जुड़े आर्थिक लेनदेन की जांच के दौरान हिमाचल प्रदेश में कई ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में मनीष अग्रवाल और संजय छाबड़िया से जुड़े कथित अवैध कारोबार से संबंधित 1 करोड़ 70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इससे पहले 7 सितंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा स्थित मकान पर छापेमारी कर 81 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इस प्रकार दोनों कार्रवाइयों में कुल 2 करोड़ 51 लाख रुपये नकद जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

हरियाणा के गोदाम से 15 टन खैर लकड़ी बरामद
पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम जिले की पटौदी तहसील के ग्राम बहोड़ा कलां में स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग फर्म के गोदाम की तलाशी ली। यह फर्म आरोपी मनीष अग्रवाल से संबंधित बताई गई है। तलाशी के दौरान गोदाम से करीब 15 टन अवैध खैर लकड़ी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, ओडिशा, मध्यप्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में की गई विभिन्न कार्रवाइयों में अब तक कुल 70 टन खैर लकड़ी जब्त की जा चुकी है।

शिव ट्रेडर्स का संचालक हिमाचल से गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस ने 12 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कालाअंब से सतपाल सिंह को गिरफ्तार किया। 67 वर्षीय सतपाल सिंह शिव ट्रेडर्स फर्म का संचालक है। पुलिस के अनुसार, वह फर्जी बिलिंग नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिरमौर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे महासमुंद लाया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई।

बिना लकड़ी सप्लाई किए तैयार होते थे फर्जी बिल
पुलिस की विवेचना के अनुसार, आरोपी सतपाल सिंह ने अपनी फर्म शिव ट्रेडर्स के माध्यम से अखिलेश सिंघल, पारितोष मिश्रा, मनीष अग्रवाल, संजय छाबड़िया और अन्य लोगों के साथ कथित आपराधिक षड्यंत्र किया। आरोप है कि वास्तविक खैर लकड़ी की आपूर्ति किए बिना विभिन्न फर्मों से फर्जी बिल तैयार कराए गए। इन बिलों को वैध दिखाने के लिए वन विभाग के फर्जी ट्रांजिट पास बनाए गए। इसके अलावा एचएसएन कोड का दुरुपयोग किए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। पिछले तीन वर्षों में बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के कई लेनदेन होने की बात भी सामने आई है।

23,350 किलो लकड़ी की फर्जी एनओसी से खुला मामला
इस पूरे प्रकरण की शुरुआत वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा की शिकायत से हुई थी। शिकायत में 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई एनटीपीएस एनओसी में कूटरचना और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। इसके आधार पर 9 जुलाई 2026 को पिथौरा थाने में अपराध दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।

पहले भी दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
महासमुंद पुलिस इस प्रकरण में 14 सितंबर 2026 को पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल को गिरफ्तार कर चुकी है। पारितोष मिश्रा पीयूष इंटरप्राइजेस और अखिलेश सिंघल सिंघल इंटरप्राइजेस से संबंधित बताया गया है। पुलिस अब फर्जी बिलिंग नेटवर्क, बैंक खातों में हुए लेनदेन और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 107 के तहत वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
Next Story