
x
छग
रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में विकास, संस्कृति और लोकपरंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। 'सशक्त नारी, युवा उड़ान' थीम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओपी चौधरी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में जिले के विभिन्न विद्यालयों, संगीत महाविद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने अपनी 26 वर्षों की यात्रा में विकास के अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए हैं। राज्य लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि प्रदेश का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके। मंत्री चौधरी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। राज्योत्सव जैसे आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के साथ स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी बन रहे हैं।
Next Story





