छत्तीसगढ़
चाकूबाजी मामले में पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
1 Sept 2026 10:12 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। मामूली विवाद के बाद गाली-गलौच और मारपीट के दौरान आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि बुधवारी बाजार के पास एक व्यक्ति को चाकू लग गया है। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। घायल युवक राकेश करिहारे निवासी बापूनगर तोरवा बिलासपुर को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना को लेकर घायल के पुत्र राज करिहारे की रिपोर्ट पर तोरवा थाना में अपराध क्रमांक 469/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नवल उर्फ अरुण यादव पिता स्वर्गीय श्याम यादव उम्र 24 वर्ष निवासी कंट्रक्शन कॉलोनी तारबाहर, सौरभ उर्फ नंगू परिहार पिता राजेश परिहार उम्र 20 वर्ष निवासी कंट्रक्शन कॉलोनी तारबाहर और राहुल चौहान पिता स्वर्गीय राजेश चौहान उम्र 29 वर्ष निवासी बापूनगर तोरवा बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक नग धारदार चाकू जब्त किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 31 अगस्त 2026 को गिरफ्तार करने के बाद 1 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में शामिल बदमाशों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Next Story





