रायपुर के 9 इलाकों में पुलिस का छापा, 54 गुंडा 29 निगरानी बदमाश और 20 चाकूबाज आए पकड़ में

रायपुर। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के सतत मार्गदर्शन एवं मॉनिटरिंग में पश्चिम क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कल रात पश्चिम क्षेत्र के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया द्वारा स्वयं किया गया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर सहित थाना पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, कबीर नगर, सरस्वती नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, मुजगहन एवं टिकरापारा के थाना प्रभारी तथा लगभग 110 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित इलाकों, बी.एस.यू.पी. एवं आर.डी.ए. कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थानों, सुनसान क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, होटल-ढाबों, संदिग्ध ठिकानों तथा अपराधियों के संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी एवं चेकिंग की। अभियान के दौरान आदतन अपराधियों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
विशेष अभियान के दौरान 54 गुंडा बदमाशों एवं 29 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई, जिनमें से 04 बदमाशों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त 20 चाकूबाजों का सत्यापन एवं चेकिंग कर उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं होने की सख्त चेतावनी दी गई।
वारंटियों एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 08 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। वहीं अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं संभावित अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से 08 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई।





