छत्तीसगढ़

अवैध शराब पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 Sept 2026 1:12 PM IST
अवैध शराब पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री, खरीदी और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 16 सितंबर 2026 को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 39 लीटर अवैध महुआ शराब, 200 रुपये बिक्री रकम और शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार थाना चक्रधरनगर, सिटी कोतवाली और तमनार पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब का परिवहन और बिक्री करते आरोपियों को पकड़ा गया।

चक्रधरनगर पुलिस ने 20 लीटर शराब के साथ दो आरोपियों को पकड़ा
ऑपरेशन आघात के तहत चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी से अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम बंगुरसिया से इंदिरा विहार की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इंदिरा विहार रानी महल मेन रोड के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 G 6861 को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी में सवार व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान अरूण सिदार (37 वर्ष), निवासी छोटे अतरमुड़ा थाना चक्रधरनगर और हिंजोर साय कुजूर (49 वर्ष), निवासी घटगांव थाना लैलूंगा हाल मुकाम छोटे अतरमुड़ा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे दो प्लास्टिक जरिकेन से कुल 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र के लाखा में कार्रवाई करते हुए एक महिला को 9 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से शराब बिक्री की रकम भी जब्त की है। वहीं थाना तमनार क्षेत्र के मुड़ागांव में पुलिस ने एक महिला को 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए थाना स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
Next Story