छत्तीसगढ़

रामगोपाल अग्रवाल अब आबकारी घोटाले में गिरफ्तार, 25 जुलाई तक EOW रिमांड मंजूर

Nil dhankar
22 July 2026 4:30 PM IST
रामगोपाल अग्रवाल अब आबकारी घोटाले में गिरफ्तार, 25 जुलाई तक EOW रिमांड मंजूर
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित आबकारी घोटाले मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। EOW ने उन्हें आबकारी घोटाले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। इससे पहले रामगोपाल अग्रवाल को कोल लेवी घोटाले मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

कोल लेवी घोटाले में मिली 14 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद रामगोपाल अग्रवाल को शुक्रवार को ACB/EOW की विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान EOW ने आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए 5 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद EOW को रामगोपाल अग्रवाल की 3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। अब EOW की टीम 25 जुलाई तक आबकारी घोटाले से जुड़े मामलों में उनसे पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसी का कहना है कि आबकारी घोटाले से जुड़े कई पहलुओं और कथित लेनदेन की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ जरूरी है। वहीं, इस मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय तक कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। कोल लेवी और आबकारी घोटाले की जांच के दौरान EOW लगातार कई लोगों से पूछताछ कर रही है। अब आबकारी घोटाले में उनकी भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Next Story