छत्तीसगढ़

जंगली हाथियों का उत्पात जारी, किसानों की बढ़ी चिंता

Shantanu Roy
6 Sept 2026 3:16 PM IST
जंगली हाथियों का उत्पात जारी, किसानों की बढ़ी चिंता
x
छग
Jashpur/Ambikapur. जशपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर और सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। हाथियों के दल के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जशपुर के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में हाथियों ने खेतों में पहुंचकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया है, वहीं सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक लोनर हाथी ने घर में घुसकर जमकर तबाही मचाई। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में करीब 12 हाथियों का दल अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहा है। हाथियों के लगातार मूवमेंट से क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार, हाथियों का दल दो अलग-अलग हिस्सों में बंटकर क्षेत्र में घूम रहा है। हाथियों की मौजूदगी से कुनकुरी, इंजको, इला, किलकिला, जोराडोल और तिलडेगा क्षेत्र के ग्रामीणों में डर का माहौल है।
धान की फसलों को पहुंचाया नुकसान
हाथियों का दल खेतों तक पहुंच रहा है और किसानों की धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। बारिश के मौसम में किसान अपनी फसल को लेकर पहले ही चिंतित हैं, ऐसे में हाथियों द्वारा फसल बर्बाद किए जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आने से रात के समय घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोग अपने खेतों और घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रही है।
हाथियों के करीब जाने से बढ़ा खतरा
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाकर फोटो और वीडियो न बनाएं। कई बार लोग उत्सुकता में हाथियों के बेहद नजदीक पहुंच जाते हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति बन सकती है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों को हाथियों के रास्ते में न आने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी गई है।
सरगुजा में लोनर हाथी ने घर तोड़ा
इधर, सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम रामनगर में एक लोनर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि बीती रात हाथी अचानक गांव में पहुंचा और जवाहिर पण्डो के घर में घुस गया। हाथी ने घर के बड़े हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने ग्रामीणों को सतर्क किया और गांव में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की।
नुकसान का आकलन कर रहा वन विभाग
वन विभाग की टीम अब क्षतिग्रस्त मकान और फसलों के नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। हाथियों की लोकेशन पर नजर रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के कई वन क्षेत्रों में मानव और हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जा रहा है।
Next Story