छत्तीसगढ़
रायपुर में रक्सेल गैंग का आतंक खत्म, कांकेर से अजय रक्सेल गिरफ्तार
Shantanu Roy
2 Sept 2026 7:27 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी अजय रक्सेल को पुलिस ने कांकेर से गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की लगातार तलाश के बाद उसे दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीड़ित का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू भी जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त 2026 की रात अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास स्थित एक गली में ले गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान अजय रक्सेल ने पुरानी रंजिश को लेकर शुभम से विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर शुभम से मारपीट की गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान हत्या करने की नीयत से शुभम पर चाकू से वार किया गया। हमले में शुभम के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी की तलाश में लगातार दी गई दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने पीड़ित से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपियों के छिपने के संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी विश्लेषण के जरिए भी आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया गया।
कांकेर में छिपा मिला अजय रक्सेल
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है। सूचना मिलने के बाद संयुक्त पुलिस टीम तत्काल कांकेर रवाना हुई। वहां लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीड़ित शुभम का दोपहिया वाहन और घटना में इस्तेमाल बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अजय रक्सेल का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। वह वर्ष 2022 में तेलीबांधा थाना और वर्ष 2023 में सिविल लाइन थाने से मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय रक्सेल (24), पिता राज रक्सेल, निवासी नवभारत प्रेस रजबंधा मैदान के पास, मरही माता मंदिर क्षेत्र, थाना मौदहापारा रायपुर के रूप में हुई है। इस मामले में अजय के साथ शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस उनकी संभावित लोकेशन की जानकारी जुटाकर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Next Story





