छत्तीसगढ़

सेवा सेतु से आसान हुआ जनजीवन

Nilmani Pal
26 Jun 2026 5:39 PM IST
सेवा सेतु से आसान हुआ जनजीवन
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की डिजिटल सुशासन की पहल सेवा सेतु पोर्टल प्रदेश के नागरिकों के लिए भरोसेमंद और प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। शासन की इस महत्वाकांक्षी व्यवस्था के जरिए अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। इससे आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और प्रशासनिक सेवाएं पहले से कहीं अधिक सुलभ हुई हैं।

सूरजपुर जिले में सेवा सेतु केंद्र की कार्यप्रणाली ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित की है। जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से छात्रा कुमारी संध्या देवांगन की वर्षों पुरानी आधार कार्ड संबंधी समस्या का समाधान हुआ। कुमारी संध्या ने बताया कि वर्ष 2017 में उनका आधार कार्ड गुम हो गया था। आधार में मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने के कारण नया आधार कार्ड प्राप्त करना उनके लिए लगातार चुनौती बना हुआ था। कई वर्षों तक विभिन्न प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

सेवा सेतु केंद्र पहुंचने पर वहां के कर्मचारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना, आवश्यक तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया तथा निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराकर उनका आधार कार्ड उपलब्ध कराया। वर्षों से लंबित समस्या के समाधान के बाद कुमारी संध्या ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों के लिए वास्तव में बड़ी राहत साबित हो रहा है। प्रदेश में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से वर्तमान में 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत रूप से उपलब्ध हैं। इनमें जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, राजस्व प्रकरणों से जुड़ी सेवाएं, नाम परिवर्तन के लिए राजपत्र प्रकाशन सहित अनेक नागरिक सेवाएं शामिल हैं।

सेवा सेतु केंद्रों की इस व्यवस्था ने सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितैषी बनाया है। यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सुशासन और डिजिटल प्रशासन की सोच को धरातल पर साकार करते हुए प्रदेश के लाखों नागरिकों के जीवन को आसान बना रही है।

Next Story