छत्तीसगढ़

मुंगेली का त्योहार फिर लौटा! फिश टनल, 200 से अधिक स्टॉल और सात दिनों तक सांस्कृतिक धमाल; आज डिप्टी CM अरुण साव करेंगे शुभारंभ

Shubhra Nandy
27 Nov 2026 11:59 AM IST
मुंगेली का त्योहार फिर लौटा! फिश टनल, 200 से अधिक स्टॉल और सात दिनों तक सांस्कृतिक धमाल; आज डिप्टी CM अरुण साव करेंगे शुभारंभ
x
बच्चों के लिए भी खास आयोजन
मुंगेली : खरीदारी का उत्साह, छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, स्थानीय प्रतिभाओं का हुनर और मनोरंजन की रंगारंग महफिल… इन सभी का अनूठा संगम आज से मुंगेली में देखने को मिलेगा। शहरवासियों के बीच किसी त्योहार की तरह लोकप्रिय हो चुके मुंगेली व्यापार मेले का 11वां आयोजन शुक्रवार, 27 नवंबर से वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित सात दिवसीय व्यापार मेले का शुभारंभ शाम पांच बजे उपमुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में होगा। तीन दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में 200 से अधिक व्यावसायिक स्टॉल, आकर्षक फिश टनल, विभिन्न प्रतियोगिताएं, बच्चों के लिए झूले और हर शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इस बार आयोजन स्थल को नए स्वरूप में तैयार किया गया है, जबकि मुख्य मंच पर ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ की झलक दिखाई देगी।
मुंगेली के उत्सव में बदल चुका व्यापार मेला
लगातार 11वें वर्ष आयोजित होने जा रहा मुंगेली व्यापार मेला अब केवल व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रह गया है। स्थानीय नागरिकों के बीच इस आयोजन ने एक विशेष उत्सव के रूप में अपनी पहचान बनाई है। स्टार्स ऑफ टुमारो के संयोजक रामपाल सिंह ने बताया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर का विस्तार किया गया है। आयोजन स्थल की सजावट और मंच की बनावट में भी बदलाव किया गया है। मुख्य मंच को ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ की विषयवस्तु पर तैयार किया गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि मेले का नया स्वरूप और विभिन्न आकर्षण नागरिकों को पसंद आएंगे।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी पहचान बनाने का अवसर
संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मेले की रूपरेखा तैयार करते समय स्थानीय नागरिकों की अपेक्षाओं और जिले की प्रतिभाओं को विशेष महत्व दिया जाता है। इस बार भी बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। रंगोली, चित्रकला, समूह नृत्य, मेहंदी, रंग भरो प्रतियोगिता, छत्तीसगढ़ी गीत गायन, ओपन माइक, ब्राइडल मेकअप, हेयर स्टाइल, मिस एवं मिस्टर मुंगेली तथा छत्तीसगढ़ी व्यंजन बनाने जैसी प्रतियोगिताएं मेले का हिस्सा रहेंगी। इन आयोजनों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला, रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगी।
सात दिनों तक संगीत, नृत्य और हास्य से गुलजार रहेगा मंच
व्यापार मेले में दिनभर खरीदारी और प्रतियोगिताओं के साथ प्रत्येक शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकारों से लेकर देश के चर्चित हास्य कवि और कोलकाता के संगीत कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर

27 नवंबर – लोक कला समूह ‘अंजोर’: गरिमा और स्वर्ण दिवाकर द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति।

28 नवंबर – लोक कला समूह ‘सोनहा माटी’: भूपेंद्र जायसवाल और उनकी टीम की प्रस्तुति।

29 नवंबर – समूह नृत्य: विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।

30 नवंबर – अखिल भारतीय कवि सम्मेलन: कविता और हास्य से भरी एक शाम, जिसमें देश भर के जाने-माने हास्य कवि शामिल होंगे।

1 दिसंबर – ‘चिनहारी लोक मंजीरा’: पायल साहू और उनकी टीम द्वारा लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति।

2 दिसंबर – संगीतमय शाम: प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक गोरेलाल बर्मन की प्रस्तुति।

3 दिसंबर – भव्य समापन समारोह

छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गायक गोरेलाल बर्मन की प्रस्तुति।
रंगारंग समापन समारोह
सैफ एंड सोहेल लाइव रॉक बैंड एवं ब्लिस ट्रूप कोलकाता की प्रस्तुति। स्टार्स ऑफ टुमारो के सचिव विनोद यादव ने बताया कि इस वर्ष व्यापार मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। स्टॉल प्राप्त करने के लिए कुछ कारोबारी अब भी संस्था से संपर्क कर रहे हैं। इस बार फिश टनल मेले के विशेष आकर्षणों में शामिल रहेगी। इसके अलावा ऑटोमोबाइल, फूड जोन, इलेक्ट्रिकल उत्पाद, बैंकिंग सेवाएं, रियल एस्टेट, हस्तशिल्प, शैक्षणिक संस्थान, सौंदर्य प्रसाधन, उर्वरक, कृषि उपकरण और औद्योगिक उत्पादों के स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे। टेराकोटा कलाकृतियां, सूती, ऊनी एवं खादी वस्त्र, हर्बल उत्पाद, बस्तर आर्ट और महिलाओं द्वारा संचालित गृह उद्योगों के उत्पाद भी मेले में प्रदर्शित किए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए खिलौनों के साथ विभिन्न प्रकार के नए झूले भी लगाए जा रहे हैं। ऐसे में खरीदारी के साथ पूरे परिवार के लिए मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
छोटे कारोबारियों और कुटीर उद्योगों को मिलेगा बड़ा बाजार
मुंगेली व्यापार मेले का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार देना और लघु, कुटीर एवं मध्यम उद्योगों के उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्प कलाकारों और महिला गृह उद्योगों के लिए यह आयोजन अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर उपलब्ध कराएगा। एक ही परिसर में विभिन्न क्षेत्रों के कारोबारियों की मौजूदगी से उपभोक्ताओं को भी अनेक प्रकार के उत्पादों और सेवाओं की जानकारी मिल सकेगी। व्यापार के साथ स्थानीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने की यह पहल मुंगेली की सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को विस्तार देने का माध्यम बन रही है। सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन मुंगेली में व्यापारिक गतिविधियों के साथ कला, संस्कृति और मनोरंजन का उत्सव बनेगा। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मिठास, कवियों की हास्य रचनाओं, स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों और खरीदारी के उत्साह से वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम गुलजार रहेगा।
Next Story