छत्तीसगढ़
किसानों के खेतों से बोर पंप चोरी का खुलासा, तीन पकड़े गए
Shantanu Roy
24 Nov 2026 11:49 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों से बोर पंप मशीन और केबल वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार 900 रुपये कीमत की बोर मशीन एवं पंप जब्त किया गया है। वहीं, नाबालिगों से चोरी के केबल वायर की बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को नगर पंचायत कुरा के वार्ड क्रमांक चार स्थित पटेल भवन के पास रहने वाली 32 वर्षीय शकुंतला धीवर पिता स्वर्गीय परदेशी धीवर ने धरसीवां थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चार नवंबर को नगर पंचायत कुरा के श्मशान घाट के बगल में स्थित पटेल बाड़ी में लगी मोटर पंप मशीन और केबल वायर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया था।
शिकायत के आधार पर धरसीवां थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 523/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस द्वारा चोरी गए सामान और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नगर पंचायत कुरा के दर्री तालाब के पास अमन धीवर नामक युवक बोर पंप मशीन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अमन धीवर पिता प्रेमलाल धीवर, उम्र 19 वर्ष, निवासी नगर पंचायत कुरा वार्ड क्रमांक 10, दर्री तालाब अटल चौक, थाना धरसीवां बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पटेल बाड़ी से बोर पंप मशीन और केबल वायर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सामान को कुरा के कड़का तालाब के पास स्थित खेत में छिपाया गया था। बाद में बोर पंप मशीन को कुरा स्थित समर इलेक्ट्रिकल एवं मोटर वाइंडिंग दुकान में मरम्मत के लिए छोड़ा गया था। वहीं, चोरी के केबल वायर से प्राप्त तांबे को बेचकर उसकी रकम नाबालिगों ने आपस में बांट ली थी। आरोपी से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित दुकान से 10 हजार 900 रुपये कीमत की बोर मशीन एवं पंप जब्त किया। इसके अतिरिक्त विधि से संघर्षरत दोनों बालकों से केबल वायर की बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की गई है। धरसीवां थाना पुलिस ने मामले में आरोपी अमन धीवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
Next Story





