छत्तीसगढ़
I phone स्टोर में दो करोड़ की चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
25 Nov 2026 6:07 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब दो करोड़ रुपये की चोरी के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला और चोरी के आईफोन खपाने के आरोपी सफान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर एक करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की 40 से अधिक सदस्यीय टीम ने लगातार 25 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर इस चर्चित चोरी का खुलासा किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और एक नवंबर 2026 की दरमियानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात आरोपियों ने दुकान में रखे 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड सहित करीब दो करोड़ रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया था। इसके अलावा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी आरोपी अपने साथ ले गए थे।
घटना के संबंध में प्रतिष्ठान के संचालक ऋषभ डागा ने एक नवंबर को तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 487/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में करोड़ों रुपये की चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विशेष कार्ययोजना तैयार कर आरोपियों की पतासाजी करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया के पर्यवेक्षण में विशेष अभियान शुरू किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और तेलीबांधा थाना पुलिस के 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की छह विशेष टीमें गठित की थीं। अलग-अलग टीमों को सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी जांच, पुराने आपराधिक प्रकरणों का अध्ययन और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। घटनास्थल से डीवीआर गायब होने और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस को शुरुआती जांच में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने बारीकी से जांच करते हुए एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। करीब 250 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई।
तकनीकी टीम ने 1100 से अधिक सेल आईडी टावरों और दस लाख से अधिक मोबाइल नंबरों से संबंधित जानकारियों का विश्लेषण किया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में अंतरराज्यीय अभियान चलाया गया। दीपावली पर्व के दौरान भी पुलिस की टीमें राज्य के बाहर रहकर आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं। जांच के दौरान महाराष्ट्र में बरामद एक चोरी की मोटरसाइकिल से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके अलावा विभिन्न राज्यों में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं और उनमें गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई।
डेटा विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2024 में राजस्थान के जयपुर में भी एप्पल स्टोर में चोरी की घटना हुई थी। उस मामले में मध्य प्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र से जुड़े गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद रायपुर पुलिस ने देवास पुलिस से संपर्क कर जांच आगे बढ़ाई। देवास पुलिस के सहयोग से राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर (43 वर्ष), निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्य प्रदेश को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, राजेश झाला के खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और गांव के ही रहने वाले साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर के एप्पल स्टोर में चोरी करने की जानकारी दी। उसने चोरी किए गए आईफोन को खपाने के लिए सफान खान को सौंपने की बात भी बताई। राजेश झाला के पुलिस की अभिरक्षा में आने की जानकारी मिलने के बाद उसके अन्य साथी और सफान खान फरार हो गए थे। पुलिस के सामने सफान खान को गिरफ्तार करने के साथ चोरी गए आईफोन की बरामदगी करना बड़ी चुनौती थी। पुलिस को आशंका थी कि सफान खान विदेश भाग सकता है।
उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान सफान खान के मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास होने की जानकारी मिली। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से उसे विदेश जाने से पहले गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी सफान खान (35 वर्ष) मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले का निवासी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बड़वानी जिले के जुलवानिया से चोरी किए गए 125 आईफोन बरामद किए हैं। बरामद आईफोन की कुल कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सफान खान वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी के मामले में भी राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस को चोरी के आईफोन नेपाल और बांग्लादेश में खपाए जाने से संबंधित सूचनाएं भी मिली हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। प्रकरण में राजेश झाला का बेटा राज झाला और राजेश लोधी फरार हैं। दोनों मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस की विशेष टीमें उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए शेष आईफोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
राजेश झाला को पुलिस रिमांड और सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों में पिछले एक वर्ष के दौरान एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं में भी इस गिरोह की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धारा जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वर्ष 2026 के महत्वपूर्ण संपत्ति संबंधी अपराधों में लगभग सभी प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी और लगभग शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद करने का दावा किया है।
Next Story





