छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अर्नब तूफान का खतरा! चक्रवाती तूफान से निपटने रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट

jantaserishta.com
28 Oct 2026 12:37 PM IST
छत्तीसगढ़ में अर्नब तूफान का खतरा! चक्रवाती तूफान से निपटने रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट
x

आंध्र प्रदेश में साइक्लोन 'अर्नब' का तांडव 

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से निपटने के लिए रायपुर जिले में एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं एवं अन्य विपरीत मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है। जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली एवं जलभराव जैसी परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियां बरतने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों एवं जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों एवं संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों एवं विद्युत लाइनों से संभावित जोखिम को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान एवं चेतावनियों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों और आम नागरिकों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए संभावित परिस्थितियों की सतत निगरानी एवं विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन की अपील, अफवाहों से बचें, सतर्क रहें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए सतर्कता बरतें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए आमजन की सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर *0771-2413233* जारी किया गया है। नागरिक किसी भी आवश्यक सहायता अथवा संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश में जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि संभावित आपदा की स्थिति में जनजीवन को सुरक्षित रखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story